सादुल्लानगर/बलरामपुर। गर्मी बढ़ने के साथ ही विकास क्षेत्र रेहराबाजार विद्युत उपकेंद्र और अचलपुर चौधरी उपकेंद्र क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ाने लगी है। लगातार ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और अनियमित कटौती से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। भीषण गर्मी के बीच रात में बिजली की आंखमिचौली से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
क्षेत्रीय उपभोक्ताओं का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से रात में चैन की नींद लेना मुश्किल हो गया है। उमेश कुमार, मनीष कुमार, रिंकू वर्मा, अताउल्लाह, सुशील श्रीवास्तव और राजू यादव समेत कई उपभोक्ताओं ने बताया कि विभागीय लापरवाही के चलते समस्या लगातार बनी हुई है। उमस भरी गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक परेशान हैं।
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि पावर हाउस पर शिकायत करने पर ट्रिपिंग का हवाला देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया जाता है, जबकि समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति के सरकारी दावे भी धरातल पर पूरे होते नजर नहीं आ रहे हैं।
राजेंद्र कुमार, राजेश कुमार, कादिर खान, मोहम्मद खालिद, राहुल वर्मा, संतोष कुमार, गंगाराम, आशीष कुमार और पवन ने बताया कि रात में कई बार बिजली महज कुछ घंटों के लिए ही मिल रही है, जिससे पेयजल, पंखा और अन्य जरूरी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उपभोक्ताओं ने विभाग से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
इस संबंध में अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को तय शेड्यूल के अनुसार बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। ट्रिपिंग और तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
रमेश कुमार शर्मा। गौरवशाली भारत