लखनऊ: राजधानी लखनऊ में सोमवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित 932 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। यह नियुक्तियां प्रदेश सरकार के 21 विभिन्न विभागों में की गई हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया और चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्हें ईमानदारी, निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाया गया है, जिससे प्रतिभाशाली युवाओं को बिना किसी भेदभाव के अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकारी नौकरियों को लेकर युवाओं में असमंजस की स्थिति रहती थी, लेकिन अब व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है और भर्ती प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य सहित कई कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इनमें सुरेश कुमार, ओम प्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान, रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर सिंह, बलदेव सिंह, औलख, दानिश, आजाद अंसारी तथा विजयलक्ष्मी गौतम प्रमुख रूप से शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल रोजगार देना नहीं, बल्कि युवाओं को प्रदेश के विकास में भागीदार बनाना भी है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से अपेक्षा जताई कि वे जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ समझें और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी सेवाओं में आने वाले युवा प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास की कड़ी होते हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं और उनके परिवारों में उत्साह और खुशी का माहौल दिखाई दिया। कई अभ्यर्थियों ने इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए प्रदेश सरकार और चयन प्रक्रिया के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि नई नियुक्तियों से विभिन्न विभागों में कार्यक्षमता बढ़ेगी और सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंच सकेगा।
प्रदेश सरकार लगातार युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दे रही है। हाल के वर्षों में विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में भर्तियां की गई हैं, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिला है। सरकार का दावा है कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और डिजिटल प्रणाली के कारण चयन प्रक्रिया अधिक सरल और भरोसेमंद बनी है।