हल्द्वानी: मानव और वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पिछले 10 दिनों में इलाके में दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें अलग-अलग क्षेत्रों में लेपर्ड की सक्रियता देखी गई है। ग्रामीण और शहरी सीमाओं के आसपास लेपर्ड की चहलकदमी से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। लोग शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने में भी हिचकिचा रहे हैं, जबकि बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
इस पूरे मामले को लेकर राज्य सरकार भी सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन घटनाओं को गंभीर बताते हुए कहा है कि आम जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियां चिंता का विषय हैं और इन पर नियंत्रण के लिए विभाग को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।