कोलकाता होटल अग्निकांड: लीज होल्डर गिरफ्तार

मालिक की तलाश तेज; 9 लोगों की मौत कोलकाता। न्यू मार्केट थाना क्षेत्र के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। हादसे में नौ लोगों की मौत के बाद लालबाजार की खुफिया शाखा ने होटल के लीज होल्डर अबू जाफर को गिरफ्तार किया […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • August 20, 2026 2:07 pm IST, Published 14 minutes ago

मालिक की तलाश तेज; 9 लोगों की मौत

कोलकाता। न्यू मार्केट थाना क्षेत्र के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। हादसे में नौ लोगों की मौत के बाद लालबाजार की खुफिया शाखा ने होटल के लीज होल्डर अबू जाफर को गिरफ्तार किया है। उसे एंटाली मेन मार्केट इलाके से पकड़ा गया।

पुलिस ने होटल के मैनेजर और एक कर्मचारी को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जांच एजेंसियां हादसे के कारणों और होटल में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जांच कर रही हैं।

होटल मालिक की तलाश जारी

पुलिस होटल मालिक बीरेश्वर मित्र की तलाश कर रही है। जांच टीम उनके आवास और संभावित ठिकानों पर पहुंची, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। उनकी पत्नी लिपि मित्र ने पुलिस को बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद बीरेश्वर सुबह घर से यह कहकर निकले थे कि वह होटल जा रहे हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय होटल संचालन की जिम्मेदारी किसके पास थी और सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर लापरवाही बरती गई।

सुरक्षा व्यवस्था में मिलीं गंभीर खामियां

प्राथमिक जांच में होटल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर खामियां सामने आई हैं। होटल में आपातकालीन निकासी के लिए अलग दरवाजा नहीं था। आने-जाने के लिए संकरी सीढ़ी का इस्तेमाल किया जाता था। कई कमरों में पर्याप्त रोशनी और वेंटिलेशन की व्यवस्था भी नहीं मिली।

जांच के दौरान अग्निशमन से जुड़े जरूरी न्यूनतम इंतजाम भी अपर्याप्त पाए गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार रात तक होटल प्रबंधन फायर लाइसेंस और ट्रेड लाइसेंस से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका था।

हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियातन उसी बहुमंजिला इमारत में संचालित अन्य होटल और रेस्तरां को भी फिलहाल बंद करा दिया है।

मालिक के अन्य होटलों की भी होगी जांच

जांच में सामने आया है कि बीरेश्वर मित्र के कोलकाता में दो और दीघा में दो होटल हैं। अब जांच एजेंसियां इन सभी होटलों में भी अग्निसुरक्षा और अन्य निर्धारित मानकों के पालन की जांच करेंगी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना की रात आसपास के होटल कर्मचारियों ने सबसे पहले आग देखी थी। उन्होंने होटल मालिक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं उठा। बाद में उनका मोबाइल भी बंद हो गया।

पुलिस फरार होटल मालिक की तलाश के साथ-साथ होटल के लीज होल्डर, मैनेजर और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। नौ लोगों की मौत के इस हादसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया जारी है।

Advertisement