न्यूयॉर्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सख्त इमिग्रेशन नीति का असर अब अमेरिका में रह रहे भारतीयों पर भी दिखाई देने लगा है। अवैध प्रवासियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने जनवरी 2025 से अगस्त 2026 के बीच 6,111 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 5,235 लोगों को डिपोर्टेशन सेंटर में रखा गया, जबकि 2,349 भारतीयों को अमेरिका से वापस भेज दिया गया। अमेरिकन कम्युनिटी मीडिया की एक रिपोर्ट में ये आंकड़े सामने आए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में भारतीयों की गिरफ्तारी का यह अब तक का बड़ा आंकड़ा है। ट्रम्प प्रशासन की इमिग्रेशन नीति के तहत अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान करने, उन्हें हिरासत में लेने और उनके खिलाफ निर्वासन की कार्रवाई तेज की गई है। इस अभियान में भारतीय समुदाय भी प्रभावित हुआ है।
मिडटर्म चुनाव से पहले तेज हुई कार्रवाई
संस्था स्टॉप एएपीआई हेट का कहना है कि अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी ने नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनाव से पहले छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज की थी। हालांकि, इस अभियान के ताजा आंकड़े अभी सार्वजनिक नहीं हुए हैं।
संस्था के दावे के मुताबिक, एशिया-प्रशांत मूल के समुदायों में भारतीयों की गिरफ्तारी, हिरासत और डिपोर्टेशन के मामले सबसे अधिक रहे हैं। वहीं, अमेरिका के दक्षिणी राज्यों में हिस्पैनिक और अश्वेत समुदायों के लोगों के खिलाफ भी इमिग्रेशन कार्रवाई की गई है।
ग्रीन कार्ड मंजूर होने के बाद भी महिला को हिरासत में रखा
अमेरिका में इमिग्रेशन कार्रवाई का एक मामला कैलिफोर्निया से सामने आया है। यहां 60 वर्षीय भारतीय मूल की रेस्टोरेंट संचालक बबली (बदला हुआ नाम) को इमिग्रेशन अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया। वह वर्ष 1994 से अमेरिका में रह रही थीं और उनका ग्रीन कार्ड भी मंजूर हो चुका था।
बताया गया कि उन्हें ग्रीन कार्ड आवेदन से जुड़ी बायोमेट्रिक्स प्रक्रिया के लिए इमिग्रेशन कार्यालय बुलाया गया था। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि भारतीय मूल का होने के कारण उन्हें परेशान किया गया। करीब एक सप्ताह हिरासत में रहने के बाद उन्हें रिहा किया गया।
कैलिफोर्निया में ICE ने 850 से अधिक भारतीयों को गिरफ्तार किया है। एएपीआईके के अनुसार, फ्रेस्नो, बेकर्सफील्ड, स्टॉकटन और सैन बर्नार्डिनो जैसे इलाकों में सबसे ज्यादा कार्रवाई हुई।
2025 में 16 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचा डिपोर्टेशन
रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीयों की संख्या पिछले 16 वर्षों में सबसे अधिक रही। तीन हजार से ज्यादा भारतीयों को वापस भेजा गया। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इन लोगों को अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने या वहां रहने के मामलों में वापस भेजा गया।
ICE ने जून में ही 801 भारतीयों को रिमूवल ऑर्डर जारी किए थे। हालांकि, रिमूवल ऑर्डर जारी होने का मतलब तत्काल डिपोर्टेशन नहीं होता। संबंधित व्यक्ति को अदालत में अपील करने का अधिकार होता है। इसके अलावा वह स्वेच्छा से भी अमेरिका छोड़ सकता है।
डिपोर्टेशन के लिए विशेष उड़ानों का इस्तेमाल
ह्यूमन राइट्स फर्स्ट संगठन के मुताबिक, भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट करने के लिए ओमान एयरवेज की उड़ानों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। टेक्सास के हार्लिंग से करीब 20 घंटे की उड़ान के बाद लोगों को नई दिल्ली भेजा जा रहा है।
इससे पहले अमेरिका ने भारतीय नागरिकों को वापस भेजने के लिए सैन्य विमान हरक्यूलिस का इस्तेमाल किया था। अब डिपोर्टेशन की प्रक्रिया में विशेष उड़ानों का भी सहारा लिया जा रहा है।
कुल मिलाकर अमेरिका की सख्त इमिग्रेशन नीति ने वहां रहने वाले भारतीयों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर उन लोगों के लिए स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है, जिनके इमिग्रेशन दस्तावेजों और कानूनी स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आने वाले समय में अमेरिकी प्रशासन की नीतियां भारतीय समुदाय के लिए कितनी राहत या परेशानी लेकर आएंगी, इस पर सबकी नजर रहेगी।