• होम
  • देश
  • भारत में ड्रग्स सप्लाई आतंकी साजिश का हिस्सा

भारत में ड्रग्स सप्लाई आतंकी साजिश का हिस्सा

दुश्मन देशों की साजिश नाकाम करें: पीएम मोदी नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत करते हुए देशवासियों, विशेषकर युवाओं से नशे के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के 28 हजार […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • August 2, 2026 1:36 pm IST, Published 31 minutes ago

दुश्मन देशों की साजिश नाकाम करें: पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत करते हुए देशवासियों, विशेषकर युवाओं से नशे के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों से एक करोड़ से ज्यादा युवाओं ने हिस्सा लिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में ड्रग्स की सप्लाई केवल अपराध नहीं, बल्कि दुश्मन देशों की आतंकी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ ताकतें भारतीय युवाओं को नशे के जाल में फंसाकर देश की ऊर्जा और भविष्य को कमजोर करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी साजिशों को देश के हर नागरिक को मिलकर नाकाम करना होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से स्वस्थ रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर में कला, संस्कृति, खेल और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश फैलाया जाएगा।

नशे से टूटते हैं सपने और परिवार

प्रधानमंत्री ने कहा कि नशा किसी व्यक्ति का केवल करियर ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की उम्मीदों को भी बर्बाद कर देता है। उन्होंने कहा कि आज भारत के युवा स्टार्टअप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में दुनिया का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन यदि कोई युवा नशे की गिरफ्त में आ जाए तो उसके साथ-साथ उसके परिवार के सपने भी टूट जाते हैं।

दुश्मन देश युवाओं को बना रहे निशाना

पीएम मोदी ने कहा कि नशा केवल व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का भी मुद्दा है। उन्होंने कहा कि दुश्मन देश ड्रग्स के जरिए भारतीय युवाओं को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं। सरकार ड्रग्स माफिया और तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए जा रहे हैं।

थोड़ी देर का नशा, जिंदगीभर का नुकसान

प्रधानमंत्री ने कहा कि ड्रग्स कुछ समय के लिए झूठी खुशी देता है, लेकिन जीवनभर के लिए करियर, स्वास्थ्य और परिवार को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने भारतीय संतों और गुरुओं की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जो नशा इंसान की बुद्धि और विवेक छीन ले, वह अंततः उसके पतन का कारण बनता है।

नशे से बाहर आने वालों को मिले नया अवसर

प्रधानमंत्री ने कहा कि जो युवा नशे की लत से बाहर निकलने में सफल होते हैं, वे असली योद्धा हैं। उन्होंने समाज से अपील की कि ऐसे लोगों को दूसरा मौका दिया जाए, क्योंकि किसी व्यक्ति का अतीत नहीं, बल्कि कठिनाइयों से बाहर निकलने का उसका साहस उसकी असली पहचान होता है।

ड्रग्स माफिया पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति

पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार नशे के कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। पिछले वर्षों की तुलना में ड्रग्स तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कई गुना बढ़ी है और लगातार बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए जा रहे हैं।

100 सप्ताह तक चलेगा अभियान

‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ अगले 100 सप्ताह तक चलेगा। इस दौरान हर रविवार देशभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठन, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, सामाजिक संस्थाएं और उद्योग संगठन भी भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम में आध्यात्मिक गुरु अम्मा, श्री श्री रविशंकर, दाजी, डॉ. चिन्मय पंड्या और स्वामी ब्रह्मविहारीजी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल भी इस अभियान से जुड़े।

सरकार का उद्देश्य इस पहल को जन आंदोलन का रूप देकर युवाओं को नशे से दूर रखना और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

Advertisement