देशभर में बारिश का कहर

यूपी के 40 स्कूलों में घुसा बाढ़ का पानी, उत्तराखंड में मकान ढहने से 6 की मौत नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड और केरल में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • August 6, 2026 8:34 am IST, Published 2 hours ago

यूपी के 40 स्कूलों में घुसा बाढ़ का पानी, उत्तराखंड में मकान ढहने से 6 की मौत

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड और केरल में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। कई इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश: 40 स्कूलों में घुसा बाढ़ का पानी

उत्तर प्रदेश में बुधवार को प्रयागराज, कानपुर, नोएडा समेत 20 से अधिक शहरों में तेज बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण 40 सरकारी स्कूलों में बाढ़ का पानी भर गया, जिससे पढ़ाई प्रभावित हुई। बिजनौर और फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। 45 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।

उत्तराखंड: मकान ढहने से 6 की मौत, केदारनाथ हाईवे पर भूस्खलन

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते एक 100 साल पुराना मकान ढह गया, जिसमें दबकर 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन होने से कई वाहन मलबे में दब गए। राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

मध्यप्रदेश: दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय

मध्यप्रदेश में बुधवार को 15 से अधिक जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के उत्तरी हिस्से में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं, जिसके चलते आगामी दिनों में कई जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

झारखंड: आकाशीय बिजली से 20 लोगों की मौत

झारखंड में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में पिछले 24 घंटे के दौरान 20 लोगों की मौत हो गई। इनमें सबसे अधिक 11 मौतें गिरिडीह जिले में दर्ज की गईं। मौसम विभाग ने 8 अगस्त तक राज्य के विभिन्न जिलों के लिए बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

केरल: कई जिलों में बाढ़, 150 लोग राहत शिविरों में

केरल के पथानामथिट्टा, अलप्पुझा और कोट्टायम जिलों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। प्रशासन ने करीब 150 लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया है। IMD ने गुरुवार के लिए राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

बिहार: नेपाल की बारिश से बढ़ी परेशानी

नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर बिहार के अररिया जिले में देखने को मिल रहा है। निचले इलाकों में पानी भरने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी पूरे बिहार में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग की सलाह

IMD ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अगले 48 घंटों तक कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

Advertisement