श्रीनगर। जम्मूकश्मीर के बडगाम जिले में मंगलवार देर रात सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी को मार गिराया। यह एनकाउंटर खानसाहिब के पालमेदन मुगपथरी जंगल इलाके में हुआ। सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, मारे गए आतंकी की पहचान लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर हाशिम मूसा के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, पहचान और उससे जुड़ी अन्य जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि जंगल में कुछ और आतंकी छिपे हो सकते हैं।
आतंकियों को भागने से रोकने के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबलों को भी भेजा गया है। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन जारी है।
सुरक्षा बलों के मुताबिक, सितंबर महीने में अब तक जम्मू-कश्मीर में पांच आतंकियों को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया है।
बडगाम में हुई ताजा मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबल जंगल और आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही मौके से बरामद हथियारों और अन्य सामान के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।