प्रयागराज: प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) परीक्षा-2022 की तैयारियां पूरी करने के बाद अब उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने लंबे समय से लंबित टीजीटी भर्ती परीक्षा को आयोजित कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। वर्ष 2022 में 3539 पदों के लिए जारी इस भर्ती के तहत बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। अब तक पांच बार परीक्षा की तारीख घोषित हुई, लेकिन हर बार किसी कारणवश परीक्षा नहीं हो पाई। इस भर्ती के लिए करीब 8.68 लाख उम्मीदवारों ने ऑनलाइन फॉर्म भरे हैं।
अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए आयोग ने परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है। अब परीक्षा 18 मंडल मुख्यालयों के अलावा हर मंडल के एक और जिले में भी कराई जाएगी। यानी प्रत्येक मंडल में दो जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे, जिससे व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें।
टीजीटी भर्ती के तहत 15 विषयों के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने 20 जनवरी को हुई बैठक में परीक्षा तिथि को अंतिम रूप दे दिया है, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द किए जाने की संभावना है।