मेरठ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा “झूठ की सोनपापड़ी” बनाती है, जिस पर परत-दर-परत झूठ चढ़ाया जाता है।
सपा कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में मेरठ के 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए गए। इस दौरान सरधना के विधायक अतुल प्रधान भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में लखनऊ के कुछ छात्रों को भी लैपटॉप प्रदान किए गए।
अखिलेश यादव ने कहा कि डिजिटल डिवाइस देने की शुरुआत सबसे पहले समाजवादी पार्टी ने की थी, जिसका उद्देश्य डिजिटल डिवाइड को खत्म करना था। उन्होंने दावा किया कि उस समय वितरित किए गए लैपटॉप आज भी उपयोग में हैं और कई युवाओं ने इन्हीं के जरिए अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने आगे कहा कि यदि भविष्य में सपा की सरकार बनती है तो केजी से लेकर पीजी तक बेटियों की शिक्षा पूरी तरह मुफ्त की जाएगी।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। सिद्धार्थनगर में पानी की टंकी की सीढ़ी टूटने से हुई बच्चों की मौत का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे भ्रष्टाचार और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में लापरवाही का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सपा लंबे समय से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाती रही है।