• होम
  • देश
  • बाबा रामदेव ने की आलोचना तो धीरेंद्र शास्त्री बोले- उनका स्नेह हमेशा मिला

बाबा रामदेव ने की आलोचना तो धीरेंद्र शास्त्री बोले- उनका स्नेह हमेशा मिला

बाबा रामदेव की टिप्पणी पर धीरेंद्र शास्त्री के जवाब ने इस पूरे विवाद को एक नया मोड़ दिया है। उन्होंने साफ संकेत दिया कि वह संतों के बीच सार्वजनिक टकराव को बढ़ाना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य हिंदू समाज को जोड़ना है, न कि....

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 24, 2026 5:35 pm IST, Published 17 minutes ago
कथावाचक और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने योग गुरु स्वामी रामदेव की टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। बाबा रामदेव ने हाल ही में बिना नाम लिए उन पर निशाना साधते हुए पाखंडी और धूर्त जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके बाद धार्मिक और सोशल मीडिया जगत में दोनों संतों के बीच बयानबाजी को लेकर चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, धीरेंद्र शास्त्री ने इस पूरे मामले में आक्रामक रुख अपनाने के बजाय सम्मान और सहजता के साथ जवाब दिया है।

पंजाब के पठानकोट में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि स्वामी रामदेव ने हमेशा उन्हें स्नेह दिया है। वह रामदेव को अपनेअभिभावक के समान मानते हैं। उन्होंने कहा कि किसी बड़े व्यक्ति की ओर से कही गई बात को वह व्यक्तिगत विवाद के रूप में नहीं देखते। उनके मुताबिक, अगर स्वामी रामदेव को उनकी किसी बात से परेशानी हुई है तो उन्होंने उसी भावना के तहत अपनी प्रतिक्रिया दी होगी।

धीरेंद्र शास्त्री ने अपने जवाब में कहा कि उन्हें प्रशंसा भी स्वीकार है और आलोचना भी। उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि कुछ दिन पहले ही स्वामी रामदेव ने उनकी तारीफ की थी, लेकिन अब उनकी आलोचना कर दी है। उन्होंने कहा कि चार दिन पहले रामदेव ने उनके बारे में अच्छी बातें कही थीं और अब कुछ अलग कहा है। उनके अनुसार, दोनों ही परिस्थितियों को वह सहजता से स्वीकार करते हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वामी रामदेव ने उनका नाम लेकर टिप्पणी नहीं की है। इसलिए वह इस बयान को व्यक्तिगत हमले के तौर पर नहीं देख रहे हैं। धीरेंद्र शास्त्री ने रामदेव को सरल स्वभाव का बताते हुए कहा कि उनके मन में कोई बात आई होगी, जिसके कारण उन्होंने ऐसा कहा। उन्होंने यहांतक कहा कि वह इसे भी आशीर्वाद के रूप में स्वीकार करते हैं।

दरअसल, इस विवाद की शुरुआत भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की एक टिप्पणी से हुई थी। उनके एक बयान को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी। इस टिप्पणी में भगवान राम की सीधी मुद्रा और भगवान कृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा का जिक्र किया गया था। कुछ लोगों ने इसे दोनों देवी-देवताओं की तुलना के रूप में देखा और आपत्ति जताई। इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी को लेकर धार्मिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।

इसी मामले पर योग गुरु बाबा रामदेव ने झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था किदेवी-देवताओं की तुलना नहीं की जानी चाहिए। रामदेव ने धार्मिक विषयों पर बोलने वालों के लिए अध्ययन, मर्यादा और जिम्मेदारी को जरूरी बताया।उन्होंने वेद, पुराण, दर्शन और भारतीय परंपराओं की जानकारी के बिना धार्मिक विषयों पर टिप्पणी करने वालों की आलोचना की थी। हालांकि, उन्होंने अपने बयान में धीरेंद्र शास्त्री का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया था।

इससे पहले धीरेंद्र शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी टिप्पणी पर विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने सफाई भी दी थी। उन्होंने कहा था कि उनका उद्देश्य किसीभी देवी-देवता का अपमान करना नहीं था। उन्होंने अपनी बात का संदर्भ स्पष्ट करते हुए भावनाएं आहत होने पर खेद भी जताया था।

अब बाबा रामदेव की टिप्पणी पर धीरेंद्र शास्त्री के जवाब ने इस पूरे विवाद को एक नया मोड़ दिया है। उन्होंने साफ संकेत दिया कि वह संतों के बीच सार्वजनिक टकराव को बढ़ाना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य हिंदू समाज को जोड़ना है, न कि किसी तरह की दूरी पैदा करना। उनकेमुताबिक, वह संतों के प्रति सम्मान का भाव रखते हैं और किसी की आलोचना को लेकर विवाद खड़ा करना उनकी प्राथमिकता नहीं है।

दोनों धार्मिक हस्तियों के बीच हुई इस बयानबाजी ने एक बार फिर धार्मिक मंचों पर दिए जाने वाले बयानों की मर्यादा और जिम्मेदारी को लेकर बहसछेड़ दी है। जहां बाबा रामदेव ने धार्मिक परंपराओं और देवी-देवताओं के सम्मान का मुद्दा उठाया, वहीं धीरेंद्र शास्त्री ने आलोचना को सहजता से स्वीकार करने की बात कही है। फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम में सबसे अधिक ध्यान धीरेंद्र शास्त्री के उस बयान पर है, जिसमें उन्होंने आलोचना को भी आशीर्वाद बताया। अब देखना होगा कि स्वामी रामदेव इस प्रतिक्रिया पर आगे कोई टिप्पणी करते हैं या दोनों संतों के बीच यह मामला यहीं शांत हो जाता है।

 

Advertisement