नई दिल्ली: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने CAQM (वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग) की समीक्षा में दिल्ली के प्रदूषण नियंत्रण प्रदर्शन को पांच राज्यों में सबसे खराब बताए जाने पर भाजपा सरकार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह दिल्ली की भाजपा सरकार और भाजपा शासित एमसीडी की घोर प्रशासनिक विफलता का प्रमाण है। प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े 32 में से 24 मानकों पर दिल्ली का विफल रहना बेहद शर्मनाक है। भाजपा सरकार ने दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन हकीकत यह है कि राजधानी की जनता आज भी जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर है।
श्री यादव ने कहा कि वाहनों से होने वाला प्रदूषण, औद्योगिक प्रदूषण, सड़कों पर उड़ती धूल, कचरा प्रबंधन और निर्माण एवं तोड़फोड़ से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने में भाजपा सरकार पूरी तरह नाकाम रही है। दिल्ली में प्रदूषण की समस्या लगातार गंभीर बनी हुई है, लेकिन भाजपा सरकार समाधान निकालने के बजाय बैठकों, आदेशों और विज्ञापनों के जरिए जनता को गुमराह कर रही है। पांच राज्यों की समीक्षा में दिल्ली की सबसे खराब स्थिति भाजपा के पर्यावरण संरक्षण के दावों की वास्तविकता उजागर करती है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा शासित एमसीडी की लापरवाही ने दिल्ली की सफाई व्यवस्था को भी बदहाल कर दिया है। सफाई कर्मचारियों की संख्या घटती जा रही है और जो कर्मचारी काम कर रहे हैं, उन पर लगातार काम का बोझ बढ़ाया जा रहा है। सड़कों की सफाई के लिए स्वीपिंग मशीनें पर्याप्त रूप से दिखाई नहीं देतीं, जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और धूल नियंत्रण के उपाय भी प्रभावी नहीं हैं। भाजपा ने दिल्ली को साफ-सुथरी राजधानी बनाने के बजाय कूड़ाघर में तब्दील कर दिया है
यादव ने कहा कि CAQM की बैठक में जिला स्तर पर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और प्रदूषण में 15 से 20 प्रतिशत कमी लाने के लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश देना इस बात को उजागर करता है कि अब तक सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था लागू नहीं की। सवाल यह है कि जब प्रदूषण नियंत्रण की जिम्मेदारी भाजपा सरकार और एमसीडी की है, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? दिल्ली की जनता को हर साल जहरीली हवा का सामना क्यों करना पड़ता है?
यादव ने भाजपा सरकार से मांग की कि प्रदूषण के सभी प्रमुख स्रोतों पर तत्काल ठोस कार्रवाई की जाए, जिला स्तर पर अधिकारियों की जवाबदेही तय हो, एमसीडी की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की जाए, सफाई कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरा जाए, पर्याप्त स्वीपिंग मशीनें उपलब्ध कराई जाएं और कचरा प्रबंधन को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली की जनता को भाजपा के झूठे दावों, बैठकों और विज्ञापनों की नहीं, स्वच्छ हवा और प्रदूषण से राहत की जरूरत है। भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। दिल्ली की जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने के लिए भाजपा सरकार और एमसीडी को जवाब देना ही होगा।