नई दिल्ली। भारत में साइबर अपराध का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। सरकारी संस्थानों, बैंकों, शिक्षण संस्थानों और निजी कंपनियों पर साइबर हमलों की संख्या चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है। एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 25 मई से 16 नवंबर 2026 के बीच भारतीय संगठनों पर हर सप्ताह औसतन 3,619 साइबर हमले हुए। यह आंकड़ा दुनिया में प्रति संगठन औसतन 2,435 हमलों से काफी अधिक है। रिपोर्ट ने देश की डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में सरकारी संस्थान और वित्तीय सेवाओं से जुड़े संगठन साइबर अपराधियों के प्रमुख निशाने पर हैं। खासतौर पर बैंकिंग क्षेत्र में खतरनाक सॉफ्टवेयर यानी मालवेयर का खतरा वैश्विक औसत से लगभग तीन गुना बताया गया है। इससे ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और ग्राहकों की निजी वित्तीय जानकारी की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
यह रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है, जब भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल (सीईआरटी-इन) ने भी वित्तीय लेनदेन में धोखाधड़ी, भुगतान प्रणालियों के दुरुपयोग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित साइबर हमलों को लेकर चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल सेवाओं के तेजी से विस्तार के साथ साइबर अपराधियों के तरीके भी अधिक जटिल होते जा रहे हैं।
चेक प्वाइंट सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजीज के प्रबंध निदेशक एवं भारत और दक्षिण एशिया प्रमुख कृष्णन वीवी ने कहा कि संगठनों को अपने नेटवर्क, कंप्यूटर प्रणालियों और उपयोगकर्ता खातों पर लगातार नजर रखने की जरूरत है। सुरक्षा संबंधी कमजोरियों को समय रहते दूर करना और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पहचान करना बेहद जरूरी है।
शिक्षा क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित
रिपोर्ट में अलग-अलग क्षेत्रों पर हुए साइबर हमलों के आंकड़े भी सामने आए हैं। शिक्षा क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां प्रति संगठन हर सप्ताह औसतन 8,706 साइबर हमले दर्ज किए गए। इसके बाद उपभोक्ता वस्तु एवं सेवा क्षेत्र में 4,873, व्यावसायिक सेवाओं में 4,650 और वित्तीय सेवा क्षेत्र में 4,122 हमले हुए।
सरकारी संगठनों पर भारत में प्रति सप्ताह औसतन 3,505 हमले दर्ज किए गए, जबकि वैश्विक औसत 2,832 रहा। इसी तरह वित्तीय संस्थानों पर भारत में प्रति सप्ताह 4,122 हमले हुए, जबकि दुनिया का औसत 2,341 रहा। ये आंकड़े बताते हैं कि भारत में सरकारी और वित्तीय क्षेत्र की डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करना कितना जरूरी है।
90 प्रतिशत से ज्यादा खतरनाक फाइलें इंटरनेट से पहुंचीं
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में पिछले महीने 90 प्रतिशत से अधिक खतरनाक फाइलें इंटरनेट के माध्यम से पहुंचीं। वहीं, बॉटनेट मालवेयर का प्रभाव भारत में 18.7 प्रतिशत रहा, जबकि वैश्विक औसत 13.1 प्रतिशत था। इसके अलावा 66 प्रतिशत संगठनों में सुरक्षा संबंधी कमजोरियां पाई गईं।
डिजिटल सुरक्षा के लिए मजबूत व्यवस्था जरूरी
बढ़ते साइबर हमले केवल कंपनियों या सरकारी संस्थानों तक सीमित खतरा नहीं हैं। इनका सीधा असर आम नागरिकों के बैंक खातों, निजी जानकारियों और डिजिटल लेनदेन पर भी पड़ सकता है। ऐसे में मजबूत सुरक्षा प्रणाली, नियमित सॉफ्टवेयर अपडेट, कर्मचारियों को जागरूक करने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने की जरूरत है।
डिजिटल भारत का सपना तभी सुरक्षित रह सकता है, जब तकनीकी सुविधाओं के विस्तार के साथ साइबर सुरक्षा को भी समान प्राथमिकता दी जाए। केवल चेतावनी जारी करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना भी जरूरी है।