1999 में सोनिया गांधी के विदेशी मूल के सवाल पर कांग्रेस से अलग होकर उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी बनाई। उस समय लगा था कि अब उनकी राहकांग्रेस से हमेशा के लिए अलग हो गई है। लेकिन छह महीने भी नहीं बीते कि महाराष्ट्र में उसी कांग्रेस के साथ सरकार बना ली। विलासराव देशमुख मुख्यमंत्री बने और एनसीपी को सत्ता में हिस्सेदारी मिली। जिस मुद्दे पर पार्टी बनी थी, वह सत्ता की व्यावहारिक राजनीति के सामने पीछे छूट गया। यह पवार की राजनीति का पहला बड़ा संदेश था कि सियासत में दरवाजे बंद करने से ज्यादा जरूरी है, जरूरत पड़ने पर उन्हें फिर खोलने की गुंजाइश बचाकर रखना।
उनके राजनीतिक जीवन का एक और दिलचस्प पहलू यह है कि वह घटनाओं को केवल उस दिन के नतीजे से नहीं देखते थे। वह जानते थे कि आज का फैसला आने वाले कल में किस काम आ सकता है। इसी दूरगामी सोच ने उन्हें महाराष्ट्र की राजनीति में लंबे समय तक प्रासंगिक बनाए रखा। उनके लिए राजनीति किसी एक चुनाव को जीतने का नाम नहीं, बल्कि बदलते समय में अपनी जगह बचाए रखने की कला भी रही है।
शरद पवार की एक खासियत रही है कि वह राजनीति में किसी घटना को अंतिम घटना नहीं मानते। 2004 में बीजेपी और शिवसेना के साथ संभावित चुनावी तालमेल की चर्चा ने भी कांग्रेस को असहज किया था। उस समय बीजेपी नेता प्रमोद महाजन की ओर से बातचीत की बात सामने आई थी,लेकिन गठबंधन नहीं हुआ। पवार कांग्रेस के साथ रहे और अगले दस वर्षों तक केंद्र की यूपीए सरकार में कृषि मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे। महाराष्ट्र में भी कांग्रेस और एनसीपी की सरकार चलती रही। यानी विरोध की जमीन पर बनी पार्टी सत्ता की साझेदारी में कांग्रेस की सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल हो गई।

पवार की राजनीति का एक दिलचस्प किस्सा उनकी बेटी सुप्रिया सुले की शादी से जुड़ा है। सुप्रिया की शादी 4 मार्च 1991 को सदानंद सुले से हुई थी।इसके दो दिन बाद 6 मार्च को तत्कालीन प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने इस्तीफा दे दिया। चंद्रशेखर की सरकार कांग्रेस के बाहरी समर्थन पर टिकी थी। राजीव गांधी और चंद्रशेखर के बीच बढ़ते अविश्वास और जासूसी के आरोपों से पैदा हुए विवाद ने सरकार को संकट में डाल दिया था। दोनों घटनाओं का आपस में कोई सीधा राजनीतिक संबंध नहीं था, लेकिन तारीखों का यह संयोग उस दौर की अस्थिर राजनीति की याद दिलाता है। उस समय भी दिल्ली की सत्ता में एक छोटी-सी राजनीतिक करवट पूरे देश का समीकरण बदल देती थी।
पवार की राजनीति का एक दिलचस्प पहलू यह भी रहा है कि वह केवल अपने बड़े नेताओं या चुनावी ताकत रखने वाले चेहरों को ही महत्व नहीं देते थे। कभी-कभी वह ऐसे लोगों को भी आगे बढ़ाते थे, जिनकी ताकत उनका चुनावी जनाधार नहीं, बल्कि राजनीतिक समझ, अनुभव और संबंध होते थे। पत्रकार रविशंकर तिवारी ने मुझे एक दिलचस्प प्रसंग बताया था कि कैसे शरद पवार ने डीपी त्रिपाठी को राज्यसभा पहुंचाने का रास्ता बनाया। डीपी त्रिपाठी कभी राजीव गांधी के करीबी और उनके राजनीतिक दायरे के महत्वपूर्ण लोगों में गिने जाते थे। बाद में वह शरद पवार के साथ आए और एनसीपी के प्रमुख वैचारिक चेहरों में शामिल हुए। बताया जाता है कि 2002 में जब राज्यसभा भेजने की बात आई तो पवार ने त्रिपाठी को अपने पास बुलाया। उनसे कहा कि राज्यसभा की यह सीट उनकी पार्टी के हिस्से में आई है, लेकिन वह चाहें तो पार्टी के सदस्य बने बिना भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में सदन में जा सकते हैं। पवार ने उन्हें सोचने के लिए दो दिन का समय दिया। यह पेशकश अपने आप में असामान्य थी।
राजनीति में जहां लोग अपनी पार्टी के नेताओं और समर्थकों को पद दिलाने के लिए जोड़-तोड़ करते हैं, वहां पवार एक ऐसे व्यक्ति को संसद भेजने का रास्ता बना रहे थे, जो उनकी पार्टी का औपचारिक सदस्य तक नहीं था। डीपी त्रिपाठी ने बाद में राज्यसभा में अपने विदाई भाषण में भी इस प्रसंग का उल्लेख किया था। यह घटना बताती है कि पवार राजनीति को केवल चुनाव और पदों के गणित से नहीं देखते थे। वह जानते थे कि कभी-कभी किसी व्यक्ति की वैचारिक समझ और राजनीतिक अनुभव भी उतनी ही बड़ी पूंजी होती है, जितनी किसी नेता की चुनावी ताकत।
2014 में मोदी लहर आई तो पवार की राजनीति का एक लंबा दौर सत्ता से बाहर हो गया। लेकिन 2019 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी और शिवसेना के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर विवाद हुआ तो पवार ने कांग्रेस और शिवसेना को साथ लाकर महाविकास आघाड़ी की सरकार बनवा दी।उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने। यह महाराष्ट्र की राजनीति का ऐसा प्रयोग था, जिसकी कल्पना कुछ साल पहले तक मुश्किल थी। जिस शिवसेना से कांग्रेस और एनसीपी की राजनीतिक दूरी रही थी, उसी के साथ सरकार चलने लगी।

फिर आया 18 अक्टूबर 2019 का सातारा। विधानसभा चुनाव का प्रचार चल रहा था। शरद पवार की सभा शुरू हुई ही थी कि तेज बारिश होने लगी।मंच पर मौजूद लोगों को लगा कि सभा रोकनी पड़ेगी। लेकिन पवार ने बारिश में ही भाषण जारी रखा। उनका सफेद शर्ट भीग चुका था, फिर भी वह लोगों को संबोधित करते रहे। उन्होंने अपनी गलती भी स्वीकार की कि लोकसभा चुनाव में उदयन राजे भोसले को उम्मीदवार बनाना उनका गलत फैसला था। उनकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो गए।
सातारा की बारिश में भीगते पवार की तस्वीर ऐसा ही एक दृश्य बनगई। उस दिन लोगों ने एक उम्रदराज नेता को केवल मंच पर खड़ा नहीं देखा, बल्कि एक ऐसे राजनीतिक कार्यकर्ता को देखा जो हार के बाद भी मैदान छोड़ने को तैयार नहीं था। यह कहना अतिशयोक्ति होगी कि केवल उस भाषण ने चुनाव का नतीजा बदल दिया, लेकिन इसने पवार की राजनीतिक छवि को नया जीवन जरूर दिया।
लेकिन इसी दौर में एक ऐसी घटना हुई जिसने महाराष्ट्र की राजनीति को सुबह-सुबह चौंका दिया। 23 नवंबर 2019 की सुबह करीब आठ बजे देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री और अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। राष्ट्रपति शासन सुबह 5 बजकर 47 मिनट पर हटाया गया था। रातोंरात बदले इस घटनाक्रम ने पूरे देश का ध्यान खींचा। बीजेपी को लगा कि उसने सत्ता का गणित सुलझा लिया है। अजित पवार के साथ विधायकों के समर्थन का दावा भी किया गया। लेकिन शरद पवार ने इस घटनाक्रम को अपनी पार्टी का आधिकारिक फैसला मानने से इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने बहुमत परीक्षण का आदेश दिया और अंततः अजित पवार को इस्तीफा देना पड़ा। फडणवीस की सरकार महज 80 घंटे चली। इसके बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में महाविकास आघाड़ी सरकार बनी।
लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में तस्वीर फिर बदली। महाराष्ट्र में बीजेपी गठबंधन को बड़ा झटका लगा और शरद पवार के गुट ने आठ सीटें जीतलीं। यह उनके लिए बड़ी उपलब्धि थी। हालांकि विधानसभा चुनाव में महायुति की भारी जीत के बाद उनकी पार्टी केवल दस सीटों पर सिमट गई।लोकसभा और विधानसभा के नतीजों के बीच महाराष्ट्र की जनता ने दो अलग-अलग राजनीतिक संदेश दिए।
इसके बाद अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु ने राजनीतिक समीकरणों को एक बार फिर बदल दिया। दोनों एनसीपी गुटों के विलय की संभावनाएं चर्चा में आईं, लेकिन अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने अलग राजनीतिक रास्ता चुना और उपमुख्यमंत्री बनीं। इस तरह परिवार के भीतर उत्तराधिकारका सवाल एक नए रूप में सामने आ गया।
मार्च 2026 में शरद पवार को राज्यसभा भेजने के लिए कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने समर्थन दिया। विधानसभा में अपनी पार्टी कीसंख्या के आधार पर वह अकेले चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं थे। सुप्रिया सुले ने कांग्रेस नेतृत्व से बातचीत की और आखिरकार पवार निर्विरोध राज्यसभा पहुंच गए। इस घटनाक्रम में एक प्रतीकात्मक बदलाव भी था। कभी पवार दूसरों को संसद और सत्ता तक पहुंचाने के रास्ते बनाते थे, इस बार उन्हें संसद तक पहुंचाने के लिए सहयोगियों की जरूरत पड़ी।
अब प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर उनकी पार्टी के समर्थन ने एक नई बहस शुरू कर दी है। 27 नवंबर को एनसीपी (एसपी) के नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि पार्टी परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करेगी, बशर्ते लोकसभा सीटों में सभी राज्यों के लिए समान अनुपात से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान हो।यह समर्थन अपने आप में एनडीए में शामिल होने का ऐलान नहीं है। लेकिन विपक्षी गठबंधन के भीतर इस फैसले को लेकर असहजता जरूर दिखाई दीहै। कांग्रेस ने भी सवाल उठाए हैं।
यहीं पवार की टाइमिंग का पुराना सवाल फिर खड़ा होता है। क्या यह केवल एक संवैधानिक प्रक्रिया का समर्थन है या आने वाले दिनों में किसी नएराजनीतिक समीकरण की शुरुआत? क्या वह फिर केंद्र की सत्ता के करीब जाने का रास्ता बना रहे हैं? इन सवालों के जवाब अभी भविष्य के गर्भ में हैं।लेकिन उनके पुराने राजनीतिक फैसलों को देखते हुए इन संभावनाओं पर चर्चा होना स्वाभाविक है।शरद पवार की राजनीति समय कभी एक जैसा नहीं रहता। जो आज आपका विरोधी है, कल आपका सहयोगी हो सकता है।जो आज आपके साथ खड़ा है, वह कल आपकी कुर्सी को चुनौती दे सकता है। राजनीति में रिश्ते स्थायी नहीं होते, लेकिन रास्ते खुले रखना जरूरी होता है। पवार ने कई बार अपने फैसलों से इस बात को साबित किया है।
उनकी जिंदगी में किस्मत ने भी कई बार ऐसी भूमिका निभाई है कि लगता है जैसे समय उनके लिए कोई दूसरा रास्ता तैयार रखता है। मगर केवल किस्मतके सहारे छह दशक की राजनीति नहीं चलती। इसके लिए धैर्य, संपर्क, परिस्थितियों को पढ़ने की क्षमता और सही वक्त पर फैसला लेने का साहस भीचाहिए। सातारा की बारिश हो या 2019 की सुबह का राजनीतिक उलटफेर, हर घटना में समय की अपनी कहानी है।

करीब 22 साल पहले जिस दौर में पवार की राजनीति केंद्र की सत्ता के आसपास घूम रही थी, आज फिर उसी दिशा में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फर्क इतना है कि तब उनके पास मजबूत संगठन और सत्ता की साझेदारी थी, आज उन्हें अपने राजनीतिक प्रभाव को नए सिरे से स्थापित करना है।
समय का पहिया घूमता रहता है। कभी वह किसी को शिखर पर बैठाता है तो कभी उसी शिखर से नीचे उतार देता है। लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं जो गिरने के बाद भी खेल से बाहर नहीं होते। शरद पवार की कहानी इसी जिद, इसी धैर्य और इसी राजनीतिक समयबोध की कहानी है। उनकी अगलीचाल क्या होगी, यह कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन इतना जरूर है कि पवार की राजनीति में आखिरी पन्ना लिखने से पहले अगला पन्ना पलटकरदेखना जरूरी है। क्योंकि उनकी टाइमिंग का फैसला इतिहास करेगा, और इतिहास को अभी थोड़ा इंतजार है।