जारी अधिसूचना के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को प्रदेश कोर कमेटी का सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के इस संगठनात्मक फैसले को दिल्ली में बीजेपी की राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
नई कोर कमेटी में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और दिल्ली बीजेपी के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सचदेवा को भी शामिल किया गया है। इनके अलावा उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी और दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी को भी कमेटी में जगह मिली है। इन नेताओं के शामिल होने से प्रदेश संगठन में वरिष्ठ राजनीतिक अनुभव और संसदीय प्रतिनिधित्व दोनों को स्थान दिया गया है।
वहीं, दिल्ली के विधायकों को भी इस कमेटी में महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। सूची में सतीश उपाध्याय और अरविंदर सिंह लवली के नाम शामिल हैं।दोनों नेताओं की मौजूदगी से विधानसभा स्तर पर पार्टी के राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक गतिविधियों को कोर कमेटी में प्रतिनिधित्व मिलेगा। दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा को भी प्रदेश कोर कमेटी का सदस्य बनाया गया है। इसके साथ ही आशीष सूद को भी इस कमेटी में जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस तरह नई टीम में दिल्ली सरकार और प्रदेश संगठन के बीच समन्वय को महत्व दिया गया है।
बीजेपी की ओर से जारी सूची में कुछ वरिष्ठ नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में भी शामिल किया गया है। इनमें डॉ. विनय सहस्रबुद्धे और लद्दाख से जुड़े वरिष्ठ नेता जमयांग सेरिंग नामग्याल का नाम शामिल है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री दर्शना जरदोश को भी विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। राजनीतिक जानकारों के नजरिए से प्रदेश कोर कमेटी किसी भी राजनीतिक संगठन के लिए महत्वपूर्ण होती है। इसमें शामिल नेता पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों, राजनीतिक रणनीति, आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श में भूमिका निभाते हैं। दिल्ली जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण केंद्र में ऐसी कमेटी का गठन पार्टी के लिए विशेष मायने रखता है।
दिल्ली में बीजेपी की नई कोर कमेटी का गठन ऐसे समय हुआ है, जब पार्टी राज्य में सरकार चलाने के साथ-साथ अपने संगठन को भी मजबूत करने पर ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार की गतिविधियों और प्रदेश संगठन के कार्यक्रमों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना भी पार्टीकी प्राथमिकताओं में शामिल हो सकता है।
नई कमेटी में सांसदों, विधायकों, पूर्व केंद्रीय मंत्रियों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को शामिल किए जाने से पार्टी ने अलग-अलग स्तरों पर नेतृत्व को एक मंच पर लाने का प्रयास किया है। इससे दिल्ली से जुड़े राजनीतिक और संगठनात्मक विषयों पर सामूहिक चर्चा का अवसर मिलेगा।फिलहाल प्रदेश कोर कमेटी की अधिसूचना जारी होने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि नई टीम आगामी दिनों में संगठन को मजबूत करने और दिल्ली में पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए किस तरह काम करती है।