प्रयागराज से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। कन्फर्म टिकट न मिलने और ‘रिग्रेट’ की समस्या से जूझ रहे यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने Prayagraj Express की क्लोन स्पेशल ट्रेन, प्रयागराज-दादरी स्पेशल का संचालन अब नए समय के साथ करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन अब प्रयागराज जंक्शन से रात 9 बजे रवाना होगी।
अभी तक यह ट्रेन रात 8 बजे चलाई जा रही थी, लेकिन यात्रियों की भारी भीड़ और लगातार बढ़ते दबाव के कारण इसका समय बदलने का फैसला किया गया है। रेलवे ने 14 मई को नए समय का ट्रायल भी पूरा करने की योजना बनाई है।
अधिकारियों के अनुसार, इस सेवा को 16 मई तक अस्थायी रीशेड्यूल के रूप में चलाया जाएगा और भीड़ का आकलन करने के बाद 17 मई से इसे नियमित रूप से रात 9 बजे से संचालित किया जाएगा।
पहले यह स्पेशल ट्रेन सूबेदारगंज स्टेशन से चलती थी, लेकिन अब इसका संचालन Prayagraj Junction से किया जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत गाड़ी संख्या 02417 (प्रयागराज–दादरी) हर रात 9 बजे प्रयागराज जंक्शन से रवाना होगी।
यह ट्रेन रास्ते में सिराथू, फतेहपुर, गोविंदपुरी, फफूंद, इटावा, शिकोहाबाद, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़ और खुर्जा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 7:15 बजे दादरी पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 02418 (दादरी–प्रयागराज) रात 10:15 बजे दादरी से रवाना होगी और सुबह 9 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। रेलवे का मानना है कि इस बदलाव से न सिर्फ यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में आसानी होगी, बल्कि प्रयागराज एक्सप्रेस और अन्य ट्रेनों पर भी दबाव कम होगा। यह सुविधा खासकर नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगी।