गौतम अडाणी के खिलाफ अमेरिका में चल रहे दो बड़े मामलों को लेकर अब राहत की खबर सामने आ रही है। Bloomberg की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले करीब डेढ़ साल से चल रही कानूनी कार्रवाई जल्द खत्म हो सकती है।
मामला उस आरोप से जुड़ा है जिसमें अमेरिकी एजेंसियों ने दावा किया था कि अदाणी समूह ने भारत में सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट्स के ठेके हासिल करने के लिए करीब दो हज़ार करोड़ रुपए की रिश्वत दी। इसी आधार पर अमेरिकी निवेशकों के साथ धोखाधड़ी का आरोप भी लगाया गया था।
पहला मामला अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट के पास है। जिसमें जांच एजेंसियों का कहना था कि रिश्वत और उससे जुड़ी जानकारी निवेशकों से छिपाई गई। Bloomberg की रिपोर्ट के अनुसार, अब इस मामले में समझौते या सीमित कार्रवाई की संभावना बन रही है और केस जल्द बंद हो सकता है।
दूसरा मामला अमेरिकी मार्केट रेगुलेटर U.S. Securities and Exchange Commission यानी SEC ने दायर किया था। जिसमें मुख्य तौर पर वित्तीय खुलासों और निवेशकों को दी गई जानकारी पर सवाल उठाए गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला जुर्माना लगाकर सुलझाया जा सकता है।
अगर दोनों मामलों का निपटारा होता है तो यह Adani Group के लिए बड़ी राहत माना जाएगा। पिछले डेढ़ साल में इन आरोपों की वजह से समूह को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और विदेशी बाजारों में लगातार दबाव का सामना करना पड़ा था।
हालांकि, अमेरिकी एजेंसियों या अदाणी समूह की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई अंतिम घोषणा नहीं की गई है। Bloomberg की रिपोर्ट ने संकेत दिया है कि बातचीत आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में इस पर बड़ा फैसला सामने आ सकता है।