टीवी और बॉलीवुड अभिनेत्री Mouni Roy इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। हाल ही में मौनी और उनके पति Suraj Nambiar ने अलग होने की घोषणा कर फैंस को चौंका दिया। दोनों ने सोशल मीडिया पर एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर बताया कि उन्होंने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है। इसी बीच मौनी रॉय का एक पुराना इंटरव्यू वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने शादी और लाइफ पार्टनर को लेकर खुलकर बात की थी।
दरअसल, यह वीडियो Zoom को दिए गए एक इंटरव्यू का है, जहां मौनी अपने ‘सलाकार’ को-स्टार Naveen Kasturia के साथ नजर आई थीं। बातचीत के दौरान जब शादी को लेकर सवाल पूछा गया, तब मौनी ने कहा था कि वह कम उम्र में ही शादी करने के लिए काफी उत्साहित थीं। उन्होंने कहा, “जब मैं 19 साल की थी, तब मैं शादी करने के लिए मरी जा रही थी।”
मौनी ने इंटरव्यू में शादीशुदा जिंदगी के सकारात्मक पहलुओं पर भी बात की थी। उन्होंने कहा कि एक अच्छा पार्टनर जिंदगी में अपनापन और स्थिरता लेकर आता है। उनके मुताबिक, “जब आपके पास कोई अपना होता है तो जिंदगी ज्यादा खूबसूरत लगती है।”
हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि सही लाइफ पार्टनर मिलना आसान नहीं होता। मौनी ने कहा कि उनकी कई दोस्त आज भी सिंगल हैं और उन्हें ऐसा कोई इंसान नजर नहीं आता जो उनकी सहेलियों के लायक हो। इंटरव्यू के दौरान उन्होंने रिश्तों और प्यार को लेकर अपनी सोच साझा करते हुए कहा, “जब आप किसी चीज का पीछा करना छोड़ देते हैं, तब जो आपके लिए बना होता है वो खुद आपकी तरफ खिंचा चला आता है।”

मौनी रॉय ने यह भी बताया था कि उन्हें सही साथी मिलने में करीब ढाई से तीन साल का इंतजार करना पड़ा। फैंस अब इस पुराने वीडियो को उनके मौजूदा हालात से जोड़कर देख रहे हैं और सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
14 मई को जारी अपने जॉइंट स्टेटमेंट में मौनी और सूरज ने मीडिया से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी निजी जिंदगी में जरूरत से ज्यादा दखल और अफवाहों से उन्हें दुख पहुंचा है।
कपल ने अपने बयान में लिखा कि उन्होंने अलग होने का फैसला लिया है और वे इस मुश्किल दौर को निजी तौर पर और शांति से संभालना चाहते हैं। दोनों ने यह भी साफ किया कि अलग होने के बावजूद उनकी दोस्ती हमेशा बनी रहेगी।
मौनी और सूरज की शादी लंबे समय तक सोशल मीडिया पर चर्चा में रही थी। दोनों की जोड़ी को फैंस काफी पसंद करते थे। ऐसे में उनके अलग होने की खबर ने कई लोगों को हैरान कर दिया है।