• होम
  • देश
  • 12 साल पूरे होने पर बीजेपी का राष्ट्रव्यापी अभियान, 5 से 21 जून तक होंगे जनसंपर्क और सेवा कार्यक्रम

12 साल पूरे होने पर बीजेपी का राष्ट्रव्यापी अभियान, 5 से 21 जून तक होंगे जनसंपर्क और सेवा कार्यक्रम

नई दिल्ली: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में व्यापक जनसंपर्क और जनजागरण अभियान चलाने जा रही है। 5 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले इस अभियान को “बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • May 31, 2026 1:18 pm IST, Published 52 minutes ago

नई दिल्ली: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में व्यापक जनसंपर्क और जनजागरण अभियान चलाने जा रही है। 5 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले इस अभियान को “बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” थीम के साथ मनाया जाएगा। 7 जून को सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पार्टी के अनुसार, पिछले 12 वर्षों में गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं तथा वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गई हैं। इन्हीं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से देशव्यापी कार्यक्रमों की श्रृंखला तैयार की गई है।

अभियान के तहत 8 से 12 जून के बीच मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पार्टी नेता सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे। वहीं 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में जाकर नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे।

इस दौरान वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम, प्रगति पथ यात्राएं तथा ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ जैसे आयोजन भी किए जाएंगे। पार्टी ने प्रत्येक जिले में कम से कम 500 प्रमुख नागरिकों और सामाजिक रूप से प्रभावशाली व्यक्तियों से संपर्क स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है ताकि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाई जा सके।

12 से 20 जून के बीच देशभर में जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्य घर सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराया जाएगा। पार्टी संगठन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इन शिविरों तक पहुंच सकें और योजनाओं का लाभ उठा सकें।

इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर उपलब्धियों की प्रदर्शनी, सभागार बैठकों और प्राकृतिक खेती से संबंधित कार्यशालाओं का आयोजन भी प्रस्तावित है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया जाएगा, जबकि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंडल स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश और जिला स्तर पर विशेष समितियों के गठन, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, सोशल मीडिया के व्यापक उपयोग तथा जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह अभियान सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ विकसित भारत के संकल्प को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

 

Advertisement