नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल फ्लोरिस्ट इन में लगी भीषण अग्निकांड में 21 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 50 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों, विशेषकर अफ्रीकी मूल के लोगों की बताई जा रही है, जो होटल के ऊपर बने पीजी आवास में रह रहे थे।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। बेसमेंट समेत इमारत के विभिन्न हिस्सों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बचाव कार्य के दौरान कई लोगों को गंभीर हालत में अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ लोग जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से कूद गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल हुए लोगों में करीब 10 बचावकर्मी और पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जो रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान झुलस गए या घायल हुए। इनका इलाज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
अस्पतालों में आपातकालीन व्यवस्था लागू
साकेत स्थित मैक्स अस्पताल ने बताया कि हादसे के बाद कुल 39 मरीजों को अस्पताल लाया गया। इनमें 18 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था। 15 मरीजों को आईसीयू में भर्ती किया गया है, जिनमें से 8 वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पांच मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि एक गंभीर रूप से झुलसे मरीज को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
एम्स ट्रॉमा सेंटर में भी 13 घायलों का इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक कुछ मरीज ऊंचाई से गिरने या कूदने के कारण घायल हुए हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए अस्पतालों ने अपना ‘मास कैजुअल्टी इमरजेंसी प्रोटोकॉल’ लागू कर दिया है और अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है।
प्रधानमंत्री ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
प्रियंका गांधी ने जताई संवेदना
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता करने की अपील की।
जांच जारी
प्रशासन और पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सिलेंडर विस्फोट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा और अग्निशमन मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।