• होम
  • झारखंड
  • केंद्रीय मंत्री गडकरी से शिकायत के बाद NHAI डालटनगंज के परियोजना निदेशक राजीव रंजन हटाए गए

केंद्रीय मंत्री गडकरी से शिकायत के बाद NHAI डालटनगंज के परियोजना निदेशक राजीव रंजन हटाए गए

मेदिनीनगर (पलामू)। राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के संचालन को लेकर उठे विवाद के बीच NHAI डालटनगंज के परियोजना निदेशक (पीडी) राजीव रंजन को उनके पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई नेशनल रोड सेफ्टी काउंसिल के सदस्य रविंद्र तिवारी द्वारा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भेजी गई शिकायत के बाद हुई […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • June 9, 2026 9:15 pm IST, Published 2 hours ago

मेदिनीनगर (पलामू)। राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के संचालन को लेकर उठे विवाद के बीच NHAI डालटनगंज के परियोजना निदेशक (पीडी) राजीव रंजन को उनके पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई नेशनल रोड सेफ्टी काउंसिल के सदस्य रविंद्र तिवारी द्वारा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भेजी गई शिकायत के बाद हुई है। विभागीय आदेश जारी होने के साथ ही राजीव रंजन को उनके मूल विभाग NTPC में वापस भेज दिया गया है। इस घटनाक्रम को लेकर विभागीय कर्मचारियों और स्थानीय स्तर पर व्यापक चर्चा हो रही है।

जानकारी के अनुसार, रविंद्र तिवारी ने कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को एक विस्तृत पत्र भेजकर NHAI डालटनगंज के परियोजना निदेशक राजीव रंजन के कार्यशैली और प्रशासनिक निर्णयों को लेकर कई गंभीर शिकायतें की थीं। पत्र में आरोप लगाया गया था कि राजीव रंजन ने पदभार ग्रहण करने के बाद अनुभवी और पुराने कर्मचारियों को हटाने तथा अपने पसंदीदा लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देने का कार्य शुरू कर दिया था। इसके अलावा कर्मचारियों के साथ कथित रूप से भेदभावपूर्ण व्यवहार और कई प्रशासनिक अनियमितताओं की भी शिकायत की गई थी।

Gauravshali Bharat

रविंद्र तिवारी ने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि डालटनगंज पीआईयू के अनेक कर्मचारी उनसे मिलकर अपनी समस्याएं और शिकायतें साझा कर चुके हैं। कर्मचारियों का आरोप था कि परियोजना कार्यालय में कार्यरत लोगों के साथ उचित व्यवहार नहीं किया जा रहा है और प्रशासनिक निर्णयों में पारदर्शिता का अभाव है। शिकायत पत्र के साथ कर्मचारियों द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन भी संलग्न किया गया था, जिसमें परियोजना निदेशक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी।

इसी शिकायत के आधार पर केंद्रीय मंत्रालय स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया गया। इसके बाद NHAI मुख्यालय द्वारा आदेश संख्या 11021/02/2010-Admn (Pt.) (E-1993)/7876 दिनांक 08 जून 2026 जारी किया गया। आदेश में सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद राजीव रंजन, जनरल मैनेजर (टेक.) एवं परियोजना निदेशक, पीआईयू डालटनगंज को तत्काल प्रभाव से उनके पैरेंट विभाग NTPC में वापस भेजने का निर्देश दिया गया है। साथ ही उन्हें अपने मूल विभाग में रिपोर्ट करने तथा चार्ज हैंडओवर एवं टेकओवर की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

रविंद्र तिवारी ने दावा किया कि कर्मचारियों ने 3 जून को उनसे मुलाकात कर परियोजना कार्यालय में चल रही कथित अनियमितताओं की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और स्थानीय हितधारकों के बीच असंतोष बढ़ रहा था, जिससे विभाग की छवि प्रभावित हो रही थी। तिवारी के अनुसार उन्होंने पूरे मामले को तथ्यों के साथ केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा और निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की थी।

इस कार्रवाई के बाद NHAI पीआईयू डालटनगंज के कर्मचारियों में खुशी का माहौल देखा गया। कर्मचारियों ने इसे उनकी शिकायतों पर हुई कार्रवाई बताते हुए राहत की बात कही। कई कर्मचारियों ने रविंद्र तिवारी तथा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि भविष्य में कार्यालय का वातावरण बेहतर होगा तथा कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान होगा।

हालांकि, राजीव रंजन या NHAI प्रबंधन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में शिकायतों और आरोपों की पुष्टि जांच एवं आधिकारिक तथ्यों के आधार पर ही हो सकेगी। फिलहाल विभागीय आदेश जारी होने के बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Advertisement