FSSAI की बड़ी कार्रवाई

दो खाद्य कंपनियों के लाइसेंस निलंबित, फैक्ट्री में मिले कीड़े और फफूंद नई दिल्ली। खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने गंभीर खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन के चलते दो खाद्य कंपनियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इनमें उत्तर प्रदेश की VKC Nuts Private Limited और महाराष्ट्र की Chheda Specialties Foods Private […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • August 9, 2026 7:50 am IST, Published 38 minutes ago

दो खाद्य कंपनियों के लाइसेंस निलंबित, फैक्ट्री में मिले कीड़े और फफूंद

नई दिल्ली। खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने गंभीर खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन के चलते दो खाद्य कंपनियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इनमें उत्तर प्रदेश की VKC Nuts Private Limited और महाराष्ट्र की Chheda Specialties Foods Private Limited शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान दोनों परिसरों में स्वच्छता, कीट नियंत्रण और खाद्य पदार्थों के रखरखाव से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आईं।

VKC Nuts के परिसर में मिले जिंदा कीड़े

FSSAI के अनुसार, उत्तर प्रदेश स्थित VKC Nuts के परिसर के निरीक्षण के दौरान पिस्ता के भंडारण क्षेत्र में जिंदा कीड़े पाए गए। कच्चे माल के भंडारण क्षेत्र की दीवारों और छतों पर बड़ी मात्रा में काली फफूंद भी मिली।

निरीक्षण में प्रसंस्करण क्षेत्र में जंग लगी, गंदी और क्षतिग्रस्त मशीनरी के इस्तेमाल की बात सामने आई। इसके अलावा प्लास्टिक की ट्रे, चाकू और कंटेनर भी पुराने, गंदे और क्षतिग्रस्त पाए गए।

फ्यूमिगेशन चेंबर के पास घूमती मिली छिपकली

निरीक्षण के दौरान एक जिंदा छिपकली फ्यूमिगेशन चेंबर के पास जमीन पर घूमती हुई दिखाई दी। इसी क्षेत्र में अंजीर खुले क्रेट में रखे पाए गए।

प्रसंस्करण क्षेत्र में खाद्य पदार्थों पर मक्खियां बैठी हुई भी मिलीं। FSSAI ने पाया कि परिसर में किए जा रहे कीट नियंत्रण के उपाय प्रभावी नहीं थे।

महाराष्ट्र की कंपनी में भी मिली गंभीर गंदगी

एक अन्य कार्रवाई में FSSAI ने महाराष्ट्र स्थित Chheda Specialties Foods Private Limited का लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

निरीक्षण के दौरान कंपनी के परिसर में श्रमिकों को सड़े हुए कचरे के पास गंदे फर्श पर बैठकर केले छीलते हुए पाया गया। इससे खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और सुरक्षित प्रसंस्करण को लेकर गंभीर सवाल उठे।

सुधार होने तक जारी रहेगा लाइसेंस निलंबन

FSSAI ने कहा कि दोनों कंपनियों के लाइसेंस का निलंबन तब तक प्रभावी रहेगा, जब तक कंपनियां खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप जरूरी सुधार नहीं करतीं।

इन सुधारों में प्रभावी स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था, कीट नियंत्रण, कचरा प्रबंधन, बुनियादी ढांचे की मरम्मत और कर्मचारियों का प्रशिक्षण शामिल है।

FSSAI की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य निर्माण और प्रसंस्करण इकाइयों में स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य उत्पाद उपलब्ध कराना है।

Advertisement