Bihar के Muzaffarpur जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक कमरे से बरामद किए गए हैं।
घटना कांटी थाना क्षेत्र के पानापुर करियात स्थित शहबाजपुर गांव की है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रीता देवी और उनके दो मासूम बच्चों—दो वर्षीय वैष्णवी और तीन महीने के कन्हैया—के रूप में हुई है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला का पति, जो कैटरिंग का काम करता है, काम से लौटकर घर पहुंचा। उसने दरवाजा बाहर से बंद पाया। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर पत्नी और दोनों बच्चों के शव कमरे में पड़े मिले। घटनास्थल से एक रस्सी भी बरामद हुई है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। शुरुआती जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, लेकिन प्रथम दृष्टया जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।