नई दिल्ली: बुराड़ी इलाके में कैश कलेक्शन एजेंट से लाखों रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान समीर, कृष, कपिल और शाहदाब उर्फ अमित के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से कुछ नकदी, एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की है, जिनका संबंध लूट की वारदात से बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों तक पहुंचने के लिए करीब 35 किलोमीटर के दायरे में लगे लगभग एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। लंबी जांच और तकनीकी विश्लेषण के बाद टीम को सफलता मिली और सभी आरोपियों को दबोच लिया गया।
यह मामला 27 अप्रैल का है, जब संदीप नामक एक कैश कलेक्शन एजेंट ने बुराड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि उसने स्वरूप नगर स्थित एक स्टोर से करीब सवा चार लाख रुपये कलेक्ट किए थे और आगे बढ़ते समय उसे निशाना बनाकर लूट की गई। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित साथियों की जानकारी जुटाई जा सके। मामले की आगे की जांच जारी है।