पश्चिम बंगाल की सियासत में 2026 के विधानसभा चुनावों ने एक बार फिर बड़ा राजनीतिक माहौल बना दिया है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्य में सत्ता में आने पर “तुरंत बदलाव” का वादा करते हुए जनता के सामने पांच बड़े संकल्प रखे थे। इन वादों को चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिन पर अब सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
बीजेपी ने अपने घोषणापत्र में सबसे बड़ा वादा नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) को पहली ही कैबिनेट बैठक में लागू करने का किया। पार्टी का कहना है कि इससे राज्य में नागरिकता से जुड़े लंबित मामलों का समाधान होगा और शरणार्थियों को राहत मिलेगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए बीजेपी ने घोषणा की कि सत्ता में आते ही आयुष्मान भारत योजना को पश्चिम बंगाल में लागू किया जाएगा। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
राज्य कर्मचारियों के लिए बीजेपी ने 45 दिनों के भीतर 7वें वेतन आयोग को लागू करने का भरोसा दिया है। लंबे समय से वेतन और भत्तों में सुधार की मांग कर रहे कर्मचारियों के लिए यह एक बड़ा मुद्दा रहा है।
बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाने का ऐलान किया है। पार्टी “ज़ीरो इन्फिल्ट्रेशन” नीति के तहत कड़ी निगरानी, CCTV और बॉर्डर फेंसिंग को बढ़ाने की बात कर रही है।
राज्य में राजनीतिक हिंसा को लेकर बीजेपी ने सख्त रुख अपनाने का वादा किया है। पार्टी ने SIT गठन, मामलों की निष्पक्ष जांच और पीड़ितों को मुआवजा देने की बात कही है।
बीजेपी के ये पांच वादे सिर्फ चुनावी घोषणाएं नहीं, बल्कि एक बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत माने जा रहे हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि अगर पार्टी सत्ता में आती है, तो इन वादों को जमीनी स्तर पर कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से लागू किया जाता है।