• होम
  • मनोरंजन
  • सचिव जी की कहानी पर लगा ब्रेक,इस साल फुलेरा की पंचायत नहीं लगेगी

सचिव जी की कहानी पर लगा ब्रेक,इस साल फुलेरा की पंचायत नहीं लगेगी

पंचायत सीजन 5 को लेकर उत्सुकता इसलिए भी अधिक है क्योंकि पिछले सीजन के अंत में कई कहानियां अधूरी रह गई थीं। फुलेरा में हुए प्रधान पद के चुनाव के नतीजों के बाद गांव की राजनीति में...

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 15, 2026 4:00 pm IST, Published 22 minutes ago
लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के नए सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए निराश करने वाली खबर सामने आई है। फुलेरा गांव की राजनीति, सचिव जी की जिंदगी और गांव के मजेदार किरदारों ने इस सीरीज को दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई है। यही वजह है कि पंचायत के पांचवें सीजन यानी ‘पंचायत 5’ को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही थीं। फैंस उम्मीद लगाए बैठे थे कि नया सीजन जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देखने को मिलेगा, लेकिन मेकर्स की ओर से आई ताजा जानकारी ने इन उम्मीदों पर फिलहाल पानी फेर दिया है।

दरअसल, सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से दावा किया जा रहा था कि पंचायत सीजन 5 इसी महीने के अंत तक रिलीज हो सकता है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया था कि नए सीजन की शूटिंग और पोस्ट प्रोडक्शन से जुड़े काम पूरे हो चुके हैं। ऐसे में दर्शकों को लगने लगा था कि जल्द ही प्राइम वीडियो पर फुलेरा गांव की नई कहानी देखने को मिलेगी। हालांकि, रविवार को प्राइम वीडियो के आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट साझा कर इस चर्चा को नया मोड़ दे दिया गया।

मेकर्स की ओर से जारी पोस्ट में लिखा गया, ‘बताते हुए खेद है, पंचायत का अगला सीजन कैद है- बनकारस।’ इस संदेश के साथ सीरीज में बनराकस का किरदार निभाने वाले अभिनेता दुर्गेश कुमार का नया पोस्टर भी जारी किया गया। इस पोस्ट के सामने आने के बाद साफ हो गया कि फिलहाल पंचायत के नए सीजन की रिलीज को लेकर दर्शकों को इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, इस पोस्ट को लेकर यह भी चर्चा है कि मेकर्स किसी खास प्रचार रणनीति के तहत दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहे हैं।

फिलहाल पंचायत 5 की रिलीज डेट को लेकर कोई पुख्ता तारीख सामने नहीं आई है। मेकर्स की पोस्ट से इस साल सीजन रिलीज नहीं होने के संकेत जरूर मिल रहे हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर भविष्य की स्ट्रीमिंग तारीख को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। ऐसे में दर्शकों के बीच सवाल बना हुआ है कि क्या उन्हें अगले साल फुलेरा की नई पंचायत देखने को मिलेगी।पंचायत सीरीज की लोकप्रियता की सबसे बड़ी वजह इसकी साधारण लेकिन दिलचस्प कहानी है। गांव की राजनीति, आपसी रिश्ते, सरकारी व्यवस्था और छोटे-छोटे विवादों को जिस अंदाज में दिखाया गया है, उसने दर्शकों को इससे जोड़ दिया है।

जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, चंदन रॉय और फैसल मलिक जैसे कलाकारों ने अपने किरदारों से सीरीज को खास बनाया है। पंचायत सीजन 5 को लेकर उत्सुकता इसलिए भी अधिक है क्योंकि पिछले सीजन के अंत में कई कहानियां अधूरी रह गई थीं। फुलेरा में हुए प्रधान पद के चुनाव के नतीजों के बाद गांव की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि नए प्रधान के सामने कौन-कौन सी चुनौतियां आएंगी और उपप्रधान के चयन को लेकर क्या फैसला होगा।

इसके अलावा प्रह्लाद चाचा की राजनीतिक भूमिका भी अगले सीजन में महत्वपूर्ण हो सकती है। पिछले सीजन में उनके चुनाव लड़ने की संभावना और राजनीतिक गतिविधियों ने कहानी को नया मोड़ दिया था। ऐसे में दर्शक जानना चाहते हैं कि क्या वह सक्रिय राजनीति में आगे बढ़ेंगे और उनकी जिंदगी में क्या बदलाव आएंगे। दूसरी तरफ सचिव जी और रिंकी की प्रेम कहानी भी सीरीज का बड़ा आकर्षण बनी हुई है। दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों को पिछले सीजन में दिखाया गया था, लेकिन उनके रिश्ते को लेकर कहानी अभी पूरी तरह सामने नहीं आई है। फैंस यह जानने के लिए उत्साहित हैं कि क्या सचिव जी और रिंकी अपने रिश्ते को कोई नया नाम देंगे या फिर उनके बीच दूरियां बढ़ेंगी।

बनराकस का किरदार भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय है। उसकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं और प्रधान परिवार के साथ टकराव सीरीज में हास्य के साथ-साथ दिलचस्प मोड़ भी पैदा करते हैं। नए पोस्टर में इसी किरदार का इस्तेमाल करके मेकर्स ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। कुल मिलाकर पंचायत सीजन 5 को लेकर अभी इंतजार खत्म होता नजर नहीं आ रहा है। रिलीज को लेकर आधिकारिक तारीख सामने आने तक दर्शकों को फुलेरा की नई कहानी के लिए धैर्य रखना होगा। हालांकि, पिछले सीजन के अधूरे सवाल और लोकप्रिय किरदारों की वापसी की उम्मीद ने नए सीजन को लेकर उत्साह बनाए रखा है।

 

Advertisement