• होम
  • गुड न्यूज़
  • तिहाड़ जेल के सहायक अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने 1700 छात्राओं को दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

तिहाड़ जेल के सहायक अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने 1700 छात्राओं को दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

नई दिल्ली। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु संकट के बीच दिल्ली में पृथ्वी संरक्षण का संदेश, 1700 छात्राओं ने लिया पर्यावरण बचाने का संकल्प। देशभर में बढ़ते तापमा। प्रदूषण और पर्यावरण संकट के बीच राजधानी दिल्ली में छात्राओं को पृथ्वी संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पश्चिमी दिल्ली […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • May 11, 2026 3:40 pm IST, Published 1 day ago

नई दिल्ली। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु संकट के बीच दिल्ली में पृथ्वी संरक्षण का संदेश, 1700 छात्राओं ने लिया पर्यावरण बचाने का संकल्प।
देशभर में बढ़ते तापमा। प्रदूषण और पर्यावरण संकट के बीच राजधानी दिल्ली में छात्राओं को पृथ्वी संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पश्चिमी दिल्ली के टैगोर गार्डन स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय नंबर-2 में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में पर्यावरण संतुलन, वृक्षारोपण और पशु संरक्षण को लेकर छात्राओं को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मार्गदर्शन योगेंद्र कुमार ने किया। उन्होंने विद्यालय की लगभग 1700 छात्राओं को पृथ्वी की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाना और उन्हें पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति संवेदनशील करना था।

इस दौरान छात्राओं के बीच “पृथ्वी को कैसे सुरक्षित करें” विषय पर निबंध प्रतियोगिता और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्राओं ने अपने विचारों और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। अपने संबोधन में योगेंद्र कुमार ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ते प्रदूषण जैसी समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि यदि अभी से जागरूकता नहीं बढ़ाई गई, तो आने वाले समय में पृथ्वी पर जीवन और अधिक कठिन हो सकता है। उन्होंने छात्राओं से अधिक से अधिक पेड़ लगाने, पानी बचाने और जीव-जंतुओं की रक्षा करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि फलदार और ऑक्सीजन देने वाले वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने प्लास्टिक के कम इस्तेमाल, स्वच्छता बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। विद्यालय की प्रधानाचार्य ज्योति ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण की सबसे बड़ी शक्ति बन सकती है। उन्होंने छात्राओं से वायु, जल और ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए अपने स्तर पर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे कदम, जैसे पौधे लगाना, बिजली बचाना और पानी का सही उपयोग करना, भविष्य में बड़े बदलाव ला सकते हैं। कार्यक्रम में बी.के. पाण्डेय, इंदर सोनी, सोनू और रेखा बेरी ने भी छात्राओं को पर्यावरण और पशु संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने पृथ्वी को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में पूरे समय पर्यावरण संरक्षण को लेकर उत्साह और जागरूकता का माहौल बना रहा।

Advertisement