• होम
  • जॉब एंड एजुकेशन
  • IIMC में कोर्सों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू, ई-काउंसलिंग पंजीकरण की अंतिम तिथि 7 जून

IIMC में कोर्सों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू, ई-काउंसलिंग पंजीकरण की अंतिम तिथि 7 जून

नई दिल्ली: देश के प्रमुख मीडिया शिक्षण संस्थानों में शामिल भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपने एमए और पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु ई-काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन( https://iimc.admissions.nic.in/ ) पंजीकरण कर सकते हैं। ई-काउंसलिंग के लिए आवेदन की अंतिम […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • June 4, 2026 11:20 am IST, Published 3 weeks ago

नई दिल्ली: देश के प्रमुख मीडिया शिक्षण संस्थानों में शामिल भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपने एमए और पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु ई-काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन( https://iimc.admissions.nic.in/ ) पंजीकरण कर सकते हैं। ई-काउंसलिंग के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 7 जून 2026 निर्धारित की गई है, जबकि प्रथम सीट आवंटन सूची 9 जून को जारी की जाएगी।

इस वर्ष संस्थान ने तीन नए स्नातकोत्तर (एमए) कार्यक्रमों की शुरुआत की है। इनमें स्वास्थ्य संचार, मीडिया एवं संचार प्रशासन तथा कॉर्पोरेट संचार एवं ब्रांड प्रबंधन जैसे विषय शामिल हैं। इन नए पाठ्यक्रमों के साथ आईआईएमसी अब अपने विभिन्न परिसरों में कुल छह एमए कार्यक्रम संचालित कर रहा है।

संस्थान के अनुसार, नई दिल्ली, ढेंकनाल, आइजोल, अमरावती, जम्मू और कोट्टायम परिसरों में विभिन्न एमए पाठ्यक्रम उपलब्ध होंगे। इसके अलावा अंग्रेजी पत्रकारिता, हिंदी पत्रकारिता, रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता तथा विज्ञापन एवं जनसंपर्क में चार प्रतिष्ठित पीजी डिप्लोमा कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।

एमए पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए जनसंचार एवं पत्रकारिता विषय में वैध सीयूईटी-पीजी स्कोर तथा न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक डिग्री आवश्यक है। वहीं पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों के लिए संबंधित विषय में वैध सीयूईटी-पीजी स्कोर रखने वाले स्नातक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।

पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 25 वर्ष निर्धारित की गई है। ओबीसी वर्ग के लिए यह सीमा 28 वर्ष तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 30 वर्ष तक रखी गई है।

संस्थान ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आवेदन से पहले प्रवेश विवरणिका और दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। पंजीकरण के दौरान पाठ्यक्रम और परिसर की प्राथमिकताएं सावधानीपूर्वक भरें, क्योंकि आवेदन जमा होने के बाद इनमें बदलाव की अनुमति नहीं होगी।

सीट आवंटित होने पर उम्मीदवारों को प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए 20 हजार रुपये का सीट स्वीकृति शुल्क जमा करना होगा। शेष शुल्क निर्धारित समय-सीमा के भीतर जमा करना अनिवार्य होगा। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान शैक्षणिक प्रमाणपत्रों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा।

संस्थान ने प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट देखने और आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित ईमेल के माध्यम से संपर्क करने की सलाह दी है।

Tags

Journalism
Advertisement