• होम
  • जॉब
  • SSC का बड़ा फैसला: जूनियर इंजीनियर भर्ती में 391 नए पद जोड़े गए

SSC का बड़ा फैसला: जूनियर इंजीनियर भर्ती में 391 नए पद जोड़े गए

प्रयागराज:केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में इंजीनियर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने जूनियर इंजीनियर (JE) परीक्षा-2025 के लिए अंतिम रिक्तियों का विवरण जारी कर दिया है। संशोधित आंकड़ों के अनुसार अब कुल 1731 पदों पर भर्ती की जाएगी। पहले जारी अधिसूचना में 1340 रिक्तियां […]

Advertisement
SSC EXAM
Gauravshali Bharat News
  • June 25, 2026 5:02 pm IST, Published 1 hour ago

प्रयागराज:केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में इंजीनियर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने जूनियर इंजीनियर (JE) परीक्षा-2025 के लिए अंतिम रिक्तियों का विवरण जारी कर दिया है। संशोधित आंकड़ों के अनुसार अब कुल 1731 पदों पर भर्ती की जाएगी। पहले जारी अधिसूचना में 1340 रिक्तियां घोषित की गई थीं, लेकिन अंतिम सूची में 391 नए पद जोड़ दिए गए हैं। इससे हजारों अभ्यर्थियों के लिए अवसरों का दायरा और बढ़ गया है।

एसएससी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सिविल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग शाखाओं में विभिन्न केंद्रीय विभागों के लिए जूनियर इंजीनियरों का चयन किया जाएगा। रिक्तियों में हुई वृद्धि को देखते हुए प्रतियोगी छात्रों के बीच उत्साह बढ़ गया है, क्योंकि अब चयन के अवसर पहले की तुलना में अधिक हो गए हैं।

इस भर्ती अभियान में सबसे अधिक पद सीमा सड़क संगठन (BRO) में उपलब्ध हैं। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क और आधारभूत ढांचा परियोजनाओं का संचालन करने वाले BRO में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 796 पद और जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल एंड मैकेनिकल) के 163 पदों पर भर्ती की जाएगी। हालांकि BRO के लिए घोषित ये पद केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं।

केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) भी इस भर्ती अभियान का प्रमुख हिस्सा है। यहां जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 210 और जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के 94 पदों पर नियुक्तियां होंगी। सरकारी भवनों, कार्यालय परिसरों और आधारभूत संरचना परियोजनाओं के निर्माण एवं रखरखाव में CPWD की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए इन पदों को अभ्यर्थियों के बीच काफी आकर्षक माना जाता है।

मिलिट्री इंजीनियर सर्विस (MES) में भी बड़ी संख्या में रिक्तियां घोषित की गई हैं। विभाग में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 202 तथा जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल एंड मैकेनिकल) के 136 पदों पर भर्ती की जाएगी। रक्षा क्षेत्र से जुड़े निर्माण और तकनीकी कार्यों में MES की महत्वपूर्ण भूमिका होने के कारण यहां चयनित अभ्यर्थियों को विशेष जिम्मेदारियां मिलती हैं।

इसके अलावा केंद्रीय जल आयोग (CWC) में सिविल इंजीनियरिंग के 90 और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 10 पदों पर भर्ती होगी। फरक्का बैराज परियोजना में 15 पद तथा रक्षा मंत्रालय के गुणवत्ता आश्वासन महानिदेशालय (नेवल) में आठ पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी। वहीं केंद्रीय जल शक्ति अनुसंधान केंद्र में विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं के लिए कुल सात पद निर्धारित किए गए हैं।

वर्गवार रिक्तियों की बात करें तो कुल 1731 पदों में अनुसूचित जाति (SC) के लिए 270, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 122, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 432, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 127 और अनारक्षित (UR) वर्ग के लिए 780 पद निर्धारित किए गए हैं। इससे स्पष्ट है कि भर्ती प्रक्रिया में सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

 

Advertisement