• होम
  • मध्य प्रदेश
  • मध्य प्रदेश में शराब तस्करी रोकने पहुंचे टीआई को ट्रक ने कुचला, इलाज के दौरान मौत; चालक फरार

मध्य प्रदेश में शराब तस्करी रोकने पहुंचे टीआई को ट्रक ने कुचला, इलाज के दौरान मौत; चालक फरार

खातेगांव (देवास)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। आरोप है कि शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक के चालक ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 2, 2026 10:26 am IST, Published 58 minutes ago

खातेगांव (देवास)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। आरोप है कि शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक के चालक ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया। इस दौरान ट्रक का पिछला पहिया टीआई के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल दिलीप पुरी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां करीब दो घंटे तक उपचार और सीपीआर देने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

घटना रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे इंदौर-बैतूल हाईवे पर हुई। टीआई दिलीप पुरी को अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद वह पुलिस टीम के साथ कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचे थे। इसी ट्रक का पीछा नेमावर पुलिस भी कर रही थी।

चालक ने डिवाइडर पर चढ़ाया ट्रक

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को संदिग्ध ट्रक हाईवे पर डिवाइडर के किनारे खड़ा मिला। थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने ट्रक चालक को बाहर आने के लिए कहा। इसी दौरान चालक ने वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ाने की कोशिश की।

इस दौरान ट्रक का पिछला पहिया टीआई के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया। पुलिसकर्मी तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

संदलपुर में ट्रक छोड़कर चालक फरार

घटना के बाद चालक ट्रक को डिवाइडर के दूसरी ओर ले गया और संदलपुर में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर संदलपुर थाने में खड़ा कराया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर देवास के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे खातेगांव पहुंचे। टीआई के परिजन भी घटना की सूचना मिलते ही खातेगांव पहुंच गए। दिलीप पुरी के परिवार में पत्नी कविता और एक बेटा-बेटी हैं।

खाली ट्रक मिलने से शराब तस्करी पर उठे सवाल

इस घटना में ट्रक में मौजूद शराब को लेकर भी कई सवाल सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि जिस वाहन से टीआई को कुचला गया, उसमें अवैध शराब भरी हुई थी। हालांकि, पुलिस को घटनास्थल पर मिला ट्रक खाली बताया जा रहा है।

ऐसे में जांच का विषय है कि ट्रक से शराब पहले ही हटा दी गई थी या घटना के बाद उसे कहीं और उतारा गया। यदि शराब ट्रक में मौजूद थी तो वह कहां गई और उसे किसने हटाया? पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल शराब की बरामदगी और तस्करी में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

टीआई दिलीप पुरी मूल रूप से धार जिले की सरदारपुर तहसील के बरमंडल गांव के रहने वाले थे। उनके पिता ओमप्रकाश पुरी किसान होने के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी हैं। दिलीप पुरी की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

उनके छोटे भाई इंदौर में निजी नौकरी करते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और रिश्तेदार खातेगांव पहुंचने लगे। जानकारी के मुताबिक, दिलीप पुरी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बरमंडल में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

इस घटना ने प्रदेश में अवैध शराब की तस्करी और उसे रोकने के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा से जुड़े सवाल फिर खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने फरार चालक को पकड़ने के साथ-साथ ट्रक से गायब बताई जा रही शराब का पता लगाने की चुनौती भी है।

Advertisement