• होम
  • उत्तर प्रदेश
  • रेलवे स्टेशन मास्टर भर्ती में बड़ा बदलाव, अब एक परीक्षा से होगा चयन

रेलवे स्टेशन मास्टर भर्ती में बड़ा बदलाव, अब एक परीक्षा से होगा चयन

एकल लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसके लिए दो घंटे का समय निर्धारित रहेगा। प्रश्नपत्र को तीन प्रमुख हिस्सों में बांटा गया है। बेसिक साइंस, गणित और डेटा एनालिसिस से कुल 60 अंक के प्रश्न होंगे। इनमें संख्या पद्धति, अनुपात, प्रतिशत, समय और कार्य, बीजगणित, त्रिकोणमिति, गति, ऊर्जा, बिजली और सरल मशीनों से जुड़े सवाल शामिल रहेंगे। डेटा विश्लेषण वाले हिस्से में टेबल, ग्राफ, पाई चार्ट, वेन डायग्राम और...

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • October 8, 2026 3:27 pm IST, Published 3 weeks ago

प्रयागराज: रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 से स्टेशन मास्टर पद की भर्ती के लिए अलग से केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना जारी करने का फैसला किया है। नई व्यवस्था में अब अभ्यर्थियों को दो अलग-अलग लिखित परीक्षाओं से नहीं गुजरना होगा। चयन प्रक्रिया में सीबीटी-1 और सीबीटी-2 की व्यवस्था समाप्त कर केवल एक चरण की कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।

रेलवे बोर्ड के स्थापना निदेशक आरआरबी चंद्र मोहियार बाथला की ओर से इस संबंध में सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों और रेलवे भर्ती बोर्डों के अध्यक्षों को निर्देश जारी किए गए हैं। अब तक स्टेशन मास्टर की भर्ती गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी यानी एनटीपीसी की संयुक्त भर्ती के माध्यम से होती थी। इस प्रक्रिया में स्टेशन मास्टर के साथ अन्य ग्रेजुएट स्तर के पद भी शामिल रहते थे। अभ्यर्थियों को पहले सीबीटी-1 और उसके बाद सीबीटी-2 परीक्षा देनी पड़ती थी। मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट यानी सीबीएटी से गुजरना होता था।

बहुस्तरीय परीक्षा और बड़ी संख्या में आवेदनों के कारण पूरी भर्ती प्रक्रिया को पूरा होने में काफी समय लग जाता था। कई बार अभ्यर्थियों को अंतिम चयन तक पहुंचने के लिए वर्षों इंतजार करना पड़ता था। रेलवे बोर्ड की नई व्यवस्था का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को अधिक सीधा और समयबद्ध बनाना है। नई व्यवस्था के तहत स्टेशन मास्टर पद के लिए एकल चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी। लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर उपलब्ध रिक्तियों की संख्या के आठ गुना उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। साइको टेस्ट केवल क्वालीफाइंग प्रकृति का नहीं होगा, बल्कि इसके प्रदर्शन को अंतिम मेरिट में भी शामिल किया जाएगा। अंतिम चयन में लिखित परीक्षा को 70 प्रतिशत और एप्टीट्यूड टेस्ट को 30 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को रिक्तियों के बराबर यानी 1:1 अनुपात में दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाएगा।

एकल लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसके लिए दो घंटे का समय निर्धारित रहेगा। प्रश्नपत्र को तीन प्रमुख हिस्सों में बांटा गया है। बेसिक साइंस, गणित और डेटा एनालिसिस से कुल 60 अंक के प्रश्न होंगे। इनमें संख्या पद्धति, अनुपात, प्रतिशत, समय और कार्य, बीजगणित, त्रिकोणमिति, गति, ऊर्जा, बिजली और सरल मशीनों से जुड़े सवाल शामिल रहेंगे। डेटा विश्लेषण वाले हिस्से में टेबल, ग्राफ, पाई चार्ट, वेन डायग्राम और डेटा सफिशिएंसी से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।

लॉजिकल कैपेबिलिटी से 20 अंक के प्रश्न होंगे। इसमें बाइनरी लॉजिक, सिलोगिज्म, घड़ी, कैलेंडर, रक्त संबंध और पहेलियों के साथ अंग्रेजी भाषा के रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन पर आधारित सवाल शामिल होंगे। मानसिक तर्क यानी मेंटल रीजनिंग के लिए भी 20 अंक निर्धारित किए गए हैं। इसमें एनालॉजी, सीरीज, कोडिंग-डिकोडिंग, रैंकिंग और सिटिंग अरेंजमेंट जैसे विषय शामिल रहेंगे।

स्टेशन मास्टर पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक निर्धारित की गई है। सामान्य आयु सीमा 20 से 33 वर्ष के बीच रखी गई है और आरक्षित वर्गों को नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। सातवें वेतन आयोग के तहत चयनित उम्मीदवारों को लेवल-6 का वेतनमान मिलेगा, जिसमें मूल वेतन 35,400 रुपये है।

स्टेशन मास्टर का पद ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारू संचालन से सीधे जुड़ा होने के कारण मेडिकल मानक भी कड़े रखे गए हैं। इस पद के लिए ए-2 मेडिकल स्टैंडर्ड निर्धारित है, जिसमें विशेष रूप से दृष्टि और शारीरिक स्वास्थ्य की निर्धारित मानकों के अनुरूप होना जरूरी है। बोर्ड के निर्देश के अनुसार PwBD श्रेणी के उम्मीदवार इस पद के लिए पात्र नहीं होंगे।

रेलवे बोर्ड ने जोनल रेलवे को स्वीकृत पदों के अनुसार रिक्तियों का मांग पत्र ओआईआरएमएस पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। रिक्तियों का विवरण मिलने के बाद स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। नई व्यवस्था से परीक्षा के चरण कम होने के कारण अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के लिए लंबे इंतजार से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

Advertisement