नई दिल्ली: फूड रेगुलेटर FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) ने क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट को 9 नोटिस जारी किए हैं। FSSAI को यह कार्रवाई ग्राहकों की शिकायतों के आधार पर मिली उन सूचनाओं के बाद करनी पड़ी, जिनमें प्लेटफॉर्म पर सड़े अंडे, खराब दूध और एक्सपायरी डेट वाले पैक्ड फूड डिलीवर करने का आरोप लगाया गया था।
FSSAI ने स्विगी इंस्टामार्ट से इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण और कम्पलायंस रिपोर्ट मांगी है। यदि कंपनी की ओर से तय समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है, तो उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
FSSAI ने ग्राहकों से मिली शिकायतों का ब्योरा साझा करते हुए एक बेहद गंभीर मामले का खुलासा किया है, जिसमें बच्चों के खाने का एक प्रोडक्ट बेहद खराब और असुरक्षित हालत में डिलीवर किया गया था। इस प्रोडक्ट में खराबी होने के साथ-साथ इसके गलत स्टोरेज की बात भी सामने आई थी।
हैरानी की बात यह है कि ग्राहक द्वारा इसे वापस करने के बाद भी कथित तौर पर उसी खराब प्रोडक्ट को दोबारा सप्लाई कर दिया गया। इसके अलावा ग्राहकों ने खराब अंडे, खराब दूध और डैमेज पैक्ड फूड आइटम्स मिलने की भी शिकायतें दर्ज कराई हैं।
जांच के दौरान FSSAI ने पाया कि स्विगी इंस्टामार्ट के वेंडर ऑनबोर्डिंग और वेरिफिकेशन सिस्टम में भारी खामियां मौजूद हैं। प्लेटफॉर्म पर कई ऐसे फूड बिजनेस लिस्टेड पाए गए जिनका FSSAI लाइसेंस नंबर या तो गलत था, इनवैलिड था या फिर था ही नहीं।
इतना ही नहीं, कई फूड बिजनेस पार्टनर्स के नाम उनके आधिकारिक FSSAI रजिस्ट्रेशन नाम से बिल्कुल अलग थे। इस तरह की गड़बड़ियों से फूड प्रोडक्ट्स की ट्रेसिबिलिटी (यानी सामान कहां से आया है, इसका पता लगाना) और उनकी क्वालिटी मॉनिटरिंग पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
FSSAI के अनुसार, ग्राहकों ने आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी स्विगी इंस्टामार्ट की तरफ से कोई संतोषजनक रिस्पॉन्स या सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया। एक शिकायतकर्ता ने बताया कि फूड सेफ्टी जैसी गंभीर चिंता पर ध्यान देने के बजाय प्लेटफॉर्म ने केवल पैसे रिफंड करके मामले को दबाने की कोशिश की और अपना पल्ला झाड़ लिया। FSSAI ने स्पष्ट किया है कि ये नोटिस सेलर ऑनबोर्डिंग, शिकायत निवारण प्रणाली और फूड सेफ्टी कम्प्लायंस सिस्टम में मौजूद गंभीर कमियों को उजागर करते हैं।
फूड रेगुलेटर पिछले कुछ समय से नियमों का उल्लंघन करने वाले फूड बिजनेस ऑपरेटर्स (FBOs) के खिलाफ काफी सख्त रुख अपनाए हुए है। FSSAI ने स्विगी इंस्टामार्ट को भेजे गए इन 9 नोटिसों की जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करके दी है। रेगुलेटर ने बताया कि ये नोटिस ग्राहकों की शिकायतों के साथ-साथ स्वतः संज्ञान (सुमो मोटो) लेते हुए जारी किए गए हैं। इसके अलावा हाल ही में FSSAI ने देश की कई बड़ी एनर्जी ड्रिंक्स निर्माताओं, शराब कंपनियों, अन्य फूड ब्रांड्स और क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स को भी नियमों की अनदेखी करने पर नोटिस भेजे हैं।