नई दिल्ली: उत्तर भारत में कुछ दिनों से बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के बाद अब मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों के दौरान तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, झारखंड, सिक्किम, असम, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मेघालय, मणिपुर, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण अगले सात दिनों तक पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिससे जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है।
मौसम विभाग ने ओडिशा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 16 और 17 जुलाई को राज्य में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
इसके अलावा 16 से 18 जुलाई के बीच ओडिशा, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है।
बिहार में 16 से 20 जुलाई तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 16 से 21 जुलाई के दौरान व्यापक से अत्यधिक व्यापक वर्षा हो सकती है। कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है।
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 16 से 21 जुलाई तक अच्छी बारिश होने की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 21 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान उमस और गर्म रातों से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ में 16 से 21 जुलाई तक व्यापक बारिश का अनुमान है, जबकि 16 जुलाई को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 और 21 जुलाई को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं कोंकण और गोवा में 16 से 21 जुलाई तक लगातार बारिश का दौर बना रहेगा। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।