नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स का कहना है कि अगर टीम चाहे तो वह नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें किसी भी पोजीशन पर खेलने में कोई परेशानी नहीं है। स्टब्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए बताया कि मिडिल ऑर्डर में खेलते हुए खिलाड़ी को अलग-अलग हालात में बल्लेबाजी करने उतरना पड़ता है।
इसी वजह से वह हर परिस्थिति के लिए मानसिक रूप से तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर टीम उन्हें ऊपर बल्लेबाजी करने की जिम्मेदारी देती है, तो वह उसे खुशी से निभाएंगे। दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज ने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि अपने करियर में उन्होंने कई अलग-अलग बैटिंग पोजीशन पर बल्लेबाजी की है। कभी वह नंबर 3 पर उतरे हैं तो कभी नंबर 6 पर भी खेले हैं।
इस वजह से उन्हें हर तरह के हालात में खेलने की आदत हो गई है। स्टब्स ने यह भी कहा कि टेस्ट क्रिकेट खेलने के अनुभव ने उन्हें काफी मदद की है। इससे उन्हें मैच के हिसाब से अपनी बल्लेबाजी में बदलाव करने की क्षमता मिली है। स्टब्स का मानना है कि साझेदारी बनाना सबसे जरूरी होता है और वह हमेशा इसी पर ध्यान देते हैं।
हालांकि, इस सीजन ट्रिस्टन स्टब्स के स्ट्राइक रेट में गिरावट देखने को मिली है। 2024 से पहली 10 गेंदों में उनका स्ट्राइक रेट 127 के आसपास रहा है, लेकिन 2026 में यह गिरकर 118 हो गया है। बीच के फेज (11-20 गेंदों) में और भी ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। 2024 में 282 और 2025 में 189 से इस सीजन 11 से 20 गेंदों के बीच उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 144 पर आ गया है। अंतिम ओवरों में भी स्टब्स के स्ट्राइक रेट में गिरावट आई है।
21 से ज्यादा गेंदें खेलने के बाद उनका स्ट्राइक रेट 2024 में 233 हुआ करता था, जो 2026 में 155 पर आ गया है। उम्मीद की जा सकती है नंबर 3 की पोजीशन पर बल्लेबाजी करने से स्टब्स के स्ट्राइक रेट में सुधार आएगा। दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी में इस सीजन निरंतरता की कमी नजर आई है, जिसको लेकर कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं। टीम को लगातार 200 से ज्यादा रनों के लक्ष्य का पीछा करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
हालांकि, स्टब्स ने टीम का बचाव किया। उन्होंने कहा, “बुरे दिन, हमने छह में से तीन मैच जीते हैं। वहीं, जब हम हारे हैं, तब भी हमने 190 रन बनाए हैं। हम ज्यादा परेशान नहीं हैं। हर कोई सच में सकारात्मक है और हर कोई अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है।” –आईएएनएस एसएम/एबीएम