• होम
  • दिल्ली/NCR
  • पौधा लगाना ही काफी नहीं, उसकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी: कुलजीत सिंह चहल

पौधा लगाना ही काफी नहीं, उसकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी: कुलजीत सिंह चहल

38वें लगातार रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अलीगंज में पौधारोपण, युवाओं और स्थानीय लोगों ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प नई दिल्ली। नई दिल्ली के मल्टी स्टोरी एनडीएमसी हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, अलीगंज में रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बड़े स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • August 23, 2026 4:09 pm IST, Published 21 seconds ago

38वें लगातार रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अलीगंज में पौधारोपण, युवाओं और स्थानीय लोगों ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प

नई दिल्ली। नई दिल्ली के मल्टी स्टोरी एनडीएमसी हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, अलीगंज में रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बड़े स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के लगातार 38वें रविवार को आयोजित कार्यक्रम में युवाओं, स्थानीय निवासियों, महिलाओं, बच्चों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों तथा एनडीएमसी अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने किया। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित है। इस दौरान लोगों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए और उनके संरक्षण एवं देखभाल का संकल्प लिया।

कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि पौधा लगाना केवल शुरुआत है, असली जिम्मेदारी उसकी देखभाल कर उसे बड़ा पेड़ बनाने की है। उन्होंने कहा कि पौधे को समय पर पानी देना, उसकी सुरक्षा करना और नियमित देखभाल करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा, “हम सभी को केवल पौधे लगाने पर ध्यान नहीं देना चाहिए, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि लगाए गए पौधे सुरक्षित रहें और बड़े होकर पेड़ बनें। एक स्वस्थ पेड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी बड़ी विरासत है।”

युवाओं की भागीदारी को बताया महत्वपूर्ण

चहल ने पौधारोपण कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं द्वारा आज पेड़ों की जिम्मेदारी लेने से आने वाले समय में पर्यावरण के प्रति जागरूक समाज तैयार होगा।

उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भावनाओं और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ता है। जिस तरह एक मां अपने बच्चों की देखभाल करती है, उसी तरह हमें भी लगाए गए पौधे की जिम्मेदारी लेकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।

चहल ने नागरिकों से तीन संकल्प लेने की अपील की—पौधा लगाएं, पौधे की रक्षा करें और पौधे को पेड़ बनाएं।

38 रविवारों में पौधारोपण बना जन-अभियान

कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि पिछले 38 लगातार रविवारों से चल रहा यह अभियान अब केवल पौधारोपण कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि लोगों की भागीदारी से जन-अभियान का रूप ले चुका है। इसमें स्थानीय नागरिकों के साथ आरडब्ल्यूए, युवा, महिलाएं और एनडीएमसी कर्मचारी लगातार जुड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ अधिक से अधिक पौधे लगाना नहीं, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे को सुरक्षित रखकर उसे एक मजबूत पेड़ बनाना है।

स्थानीय समस्याएं भी उठीं

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने क्षेत्र से जुड़ी कई नागरिक समस्याएं भी कुलजीत सिंह चहल के सामने रखीं। इनमें सीपेज, खिड़कियों की मरम्मत और अन्य सिविल मेंटेनेंस से संबंधित समस्याएं शामिल थीं।

चहल ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर समस्याओं का निरीक्षण करने और समयबद्ध तरीके से उनका समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय निवासियों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत करने से क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनके जल्द समाधान में मदद मिलती है।

कार्यक्रम में सिविल, इलेक्ट्रिकल, स्वास्थ्य और हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रविन्द्र सेंगलिया सहित अन्य सदस्यों ने भी पौधारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी की।

आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली का संदेश

चहल ने कहा कि आज लगाए गए पौधों की सफलता उनकी संख्या से नहीं, बल्कि इस बात से तय होगी कि उनमें से कितने पौधे सुरक्षित रहकर भविष्य में मजबूत पेड़ बनते हैं।

उन्होंने नागरिकों से अपील की, “आइए, हम केवल यह न गिनें कि कितने पौधे लगाए गए, बल्कि यह भी सुनिश्चित करें कि उनमें से कितने पौधे बड़े होकर पेड़ बने। हमारा आज का छोटा सा प्रयास आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर पर्यावरण दे सकता है।”

उन्होंने सभी नागरिकों, आरडब्ल्यूए, युवाओं और एनडीएमसी कर्मचारियों से मिलकर नई दिल्ली को और अधिक स्वच्छ, हरा-भरा और स्वस्थ बनाने का आह्वान किया।

Advertisement