नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार देर रात वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से क्लोरीन गैस लीक होने के बाद हड़कंप मच गया। घटना गोधनी इलाके में रात करीब 1 बजे हुई। गैस रिसाव के कारण आसपास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले 40 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। कई लोगों ने खांसी और सांस लेने में परेशानी की शिकायत की।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गोधनी स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में रखे करीब 900 किलो क्षमता वाले क्लोरीन सिलेंडर से गैस का रिसाव हुआ। जहरीली गैस आसपास के रिहायशी इलाकों तक फैल गई।
गैस की गंध और लोगों को हो रही परेशानी के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड, ऑरेंज सिटी वाटर और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने इलाके को सुरक्षित करने के साथ गैस रिसाव को नियंत्रित करने का ऑपरेशन शुरू किया।
गैस के संपर्क में आने से प्रभावित कुछ लोगों को इलाज के लिए स्पर्श अस्पताल और मेयो अस्पताल ले जाया गया। अस्पतालों में डॉक्टरों ने प्रभावित लोगों का इलाज शुरू किया।
गैस रिसाव को नियंत्रित करने के लिए करीब साढ़े चार घंटे तक ऑपरेशन चलाया गया। राहत और बचाव टीमों ने रिसाव कर रहे सिलेंडर को प्लांट से बाहर निकाला।
इसके बाद सिलेंडर को कास्टिक सोडा वाले पानी के टैंक में डुबोया गया, ताकि क्लोरीन गैस को न्यूट्रलाइज किया जा सके। इसके बाद गैस रिसाव की तीव्रता कम होने लगी।
घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। गैस रिसाव के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
फिलहाल गैस रिसाव को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया है और प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।