मुंबई। सोशल मीडिया के दौर में छोटी-सी बात भी बड़ा विवाद बन जाती है और हाल ही में ऐसा ही कुछ जैकी भगनानी और रकुल प्रीत सिंह के साथ देखने को मिला।
दरअसल, एक इंटरव्यू के दौरान जैकी भगनानी ने अपने शादीशुदा रिश्ते को ‘सिचुएशनशिप’ कह दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जाने लगा। यूजर्स ने इस शब्द को लेकर सवाल उठाए और बयान को अलग-अलग तरीके से समझा।
मामला बढ़ता देख अब इस पर खुद रकुल प्रीत सिंह ने मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह जैकी को हल्के-फुल्के अंदाज में डांटती नजर आती हैं।
“हम मिलेनियल्स हैं…”—रकुल का फनी वीडियो वायरल, जैकी ने भी मांगी सफाई
वीडियो में रकुल कहती हैं, “मैंने तुमसे कितनी बार कहा है कि हम मिलेनियल्स हैं, जेन जी की तरह अजीब शब्दों का इस्तेमाल मत करो।” उनके एक्सप्रेशन और बोलने का अंदाज इतना दिलचस्प था कि वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
वहीं वीडियो में जैकी भगनानी भी सफाई देते नजर आते हैं। वह कान पकड़कर माफी मांगते हुए कहते हैं कि उनका मतलब वैसा बिल्कुल नहीं था, जैसा लोगों ने समझ लिया।
इस पर रकुल जवाब देती हैं कि वह जानती हैं कि उनका इरादा गलत नहीं था, लेकिन अब दुनिया को भी यह समझाना जरूरी है।
बता दें कि ‘सिचुएशनशिप’ शब्द ‘सिचुएशन’ और ‘रिलेशनशिप’ से मिलकर बना है। इसका इस्तेमाल ऐसे रिश्ते के लिए किया जाता है, जिसमें कोई तय कमिटमेंट या भविष्य की स्पष्ट योजना नहीं होती और रिश्ता परिस्थितियों पर आधारित होता है।
इस पूरे विवाद के बीच दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर साफ कर दिया है कि सब कुछ सामान्य है और उनका रिश्ता मजबूत बना हुआ है।