• होम
  • उत्तर प्रदेश
  • स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में प्रदेश के 16 शहरों ने बनाया स्थान, ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश के लिए गौरव की बात

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में प्रदेश के 16 शहरों ने बनाया स्थान, ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश के लिए गौरव की बात

लखनऊ,। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने स्वच्छ वायु संरक्षण के क्षेत्र में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए पहली बार इंदौर को पीछे छोड़ दिया है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश के विभिन्न श्रेणियों के कुल 16 शहरों का […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • September 8, 2026 3:31 pm IST, Published 2 hours ago

लखनऊ,। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने स्वच्छ वायु संरक्षण के क्षेत्र में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए पहली बार इंदौर को पीछे छोड़ दिया है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश के विभिन्न श्रेणियों के कुल 16 शहरों का स्थान बनाना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की कैटेगरी-1 में उत्तर प्रदेश के छह शहरों ने स्थान बनाया। इनमें लखनऊ ने देश में पहला, आगरा ने चौथा, गाजियाबाद ने नौवां, कानपुर ने ग्यारहवां, प्रयागराज ने तरहवां और मेरठ ने बाइसवां स्थान प्राप्त किया।

वहीं 3 लाख से 10 लाख तक की आबादी वाले शहरों की कैटेगरी-2 में भी उत्तर प्रदेश के छह शहरों ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। इसमें फिरोजाबाद ने दूसरा, झांसी ने पांचवां, मुरादाबाद और नोएडा ने आठवां, गोरखपुर ने बाइसवां और बरेली ने छब्बीसवां स्थान प्राप्त किया। तीन लाख से कम आबादी वाले शहरों की कैटेगरी-3 में भी उत्तर प्रदेश के चार शहरों ने सफलता हासिल की। रायबरेली ने 17वां, अनपरा ने 29वां, खुर्जा ने 30वां और गजरौला ने 31वां स्थान प्राप्त किया।

वार्ड स्तर पर भी यूपी का शानदार प्रदर्शन

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण की वार्ड लेवल रैंकिंग में भी उत्तर प्रदेश ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। कैटेगरी-1 में राजधानी लखनऊ के वार्ड-70 ने पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं कैटेगरी-2 में प्रयागराज के वार्ड-31 ने देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में नगरीय व्यवस्थाओं को केवल शहर स्तर पर ही नहीं, बल्कि वार्ड स्तर तक बेहतर बनाने के लिए भी गंभीरता से काम किया जा रहा है।

मंत्री ए के शर्मा ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का जताया आभार

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छता का संदेश दिया था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को जनअभियान बनाकर देश के प्रत्येक नागरिक से जोड़ने का कार्य किया है। आज स्वच्छता और स्वच्छ वायु के क्षेत्र में मिल रही उपलब्धियां उसी व्यापक जनभागीदारी का परिणाम हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के शहरों की तस्वीर तेजी से बदल रही है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में लखनऊ का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

 ए.के. शर्मा ने अधिकारियों और नागरिकों को दी बधाई

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और विशेष रूप से प्रदेश के नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा और स्वच्छ शहर केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं हैं, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

यह उपलब्धि एक नई प्रेरणा है : ए.के. शर्मा

श्री शर्मा ने कहा कि लखनऊ ने स्वच्छ वायु संरक्षण के क्षेत्र में पहली बार इंदौर को पीछे छोड़कर देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि प्रदेश के लिए एक नई प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिस प्रकार स्वच्छ वायु के क्षेत्र में लखनऊ ने देश में पहला स्थान हासिल किया है, उसी प्रकार स्वच्छता सर्वेक्षण में भी लखनऊ को देश का नंबर-वन शहर बनाने के लिए सरकार, नगर निगम और नागरिक मिलकर पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।

Advertisement