UAE में भीषण सड़क हादसा

बेकाबू ट्रक ने 23 वाहनों को मारी टक्कर, 14 की मौत; तीन भारतीय भी शामिल फुजैराह। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। यहां एक बेकाबू ट्रक ने 23 वाहनों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में तीन भारतीयों समेत […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 13, 2026 9:39 am IST, Published 48 minutes ago

बेकाबू ट्रक ने 23 वाहनों को मारी टक्कर, 14 की मौत; तीन भारतीय भी शामिल

फुजैराह। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। यहां एक बेकाबू ट्रक ने 23 वाहनों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में तीन भारतीयों समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए। मृतक भारतीय केरल के मलप्पुरम जिले के एक ही परिवार से थे। इनमें जुड़वा भाई-बहन भी शामिल हैं।

हादसे के बाद कई वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ वाहनों में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। कई शव बुरी तरह जल गए हैं। ऐसे में मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है।

सात देशों के नागरिकों की गई जान

यूएई के गृह मंत्रालय के मुताबिक, इस हादसे में मरने वाले लोग सात देशों के नागरिक थे। इनमें संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, भारत, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक शामिल हैं।

हादसे में घायल 30 लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से करीब आधे लोगों को प्राथमिक उपचार और जरूरी चिकित्सा के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

केरल के एक ही परिवार के तीन भारतीयों की मौत

इस हादसे में जान गंवाने वाले तीन भारतीयों की पहचान मुहम्मद अस्मिल, उनकी जुड़वा बहन मिस्ना जुबिन और मुहम्मद फैज के रूप में हुई है। तीनों केरल के मलप्पुरम जिले के रहने वाले थे। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से उनके गांव और परिवार में शोक की लहर है।

केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने अधिकारियों को पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।

वहीं, दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी तीन भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि की है। दूतावास के अधिकारियों ने बताया कि वे पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।

ट्रक चालक ने खोया नियंत्रण, एक के बाद एक टकराईं गाड़ियां

यूएई के गृह मंत्रालय के अनुसार, हादसा फुजैराह शहर के प्रवेश मार्ग पर आधी रात से कुछ समय पहले हुआ। उस समय सड़क पर यातायात धीमी गति से चल रहा था। कई वाहन आगे बढ़ने का इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान एक ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। ट्रक पहले एक वाहन से टकराया और इसके बाद पलटते हुए सड़क पर चल रही तथा रुकी हुई अन्य गाड़ियों से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते आग आसपास की गाड़ियों तक फैल गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में कुल 23 वाहन शामिल थे। इनमें 18 कारें और पांच ट्रक बताए गए हैं।

बचाव अभियान में जुटीं राहत टीमें

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और नागरिक सुरक्षा विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचावकर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभियान चलाया।

इस भीषण दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल ट्रक चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Advertisement