Microsoft Teams के कुछ फीचर्स भी इस समस्या की चपेट में आए। खासकर Exchange Online से जुड़े कैलेंडर और मीटिंग शेड्यूल करने वाली सुविधाओं में परेशानी हुई। कुछ संगठनों में चैट तैयार करने से जुड़े काम भी प्रभावित हुए। हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार Teams की सामान्य मैसेजिंग और ऑनलाइन मीटिंग सेवाएं बड़े स्तर पर चालू थीं। इसके अलावा Microsoft 365 के कई अन्य टूल्स पर भी तकनीकी खराबी का असर दिखाई दिया।
इस दौरान Microsoft Copilot 365, Planner, To Do और SharePoint Online जैसी सेवाओं के कुछ फीचर्स इस्तेमाल करने में भी यूजर्स को दिक्कत हुई। कुछ लोगों को हाल में इस्तेमाल की गई फाइलें देखने में परेशानी आई। कंपनी की कुछ सिक्योरिटी सेवाओं पर भी इसका प्रभाव पड़ा। चूंकि दुनियाभर में कई कंपनियां अपने दैनिक कामकाज के लिए इन डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करती हैं, इसलिए इस आउटेज का असर सामान्य यूजर से लेकर बड़े संगठनों तक देखने को मिला।
आउटेज की निगरानी करने वाली वेबसाइट Downdetector पर भी माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज की गईं। अमेरिका में एक समय Outlook से जुड़ी शिकायतों का आंकड़ा करीब 1.30 लाख तक पहुंच गया था। वहीं Microsoft 365 और Teams को लेकर भी हजारों यूजर्स ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। यह परेशानी केवल अमेरिका तक सीमित नहीं रही। भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान सहित एशिया-प्रशांत क्षेत्र के कई हिस्सों में भी यूजर्स ने सेवाएं प्रभावित होने की जानकारी दी।
अब सवाल यह है कि आखिर माइक्रोसॉफ्ट की इतनी बड़ी ऑनलाइन सेवाओं में खराबी क्यों आई? कंपनी की शुरुआती जांच में पता चला कि उसके कुछ सर्वर अचानक सही तरीके से काम करना बंद कर गए थे। इसके कारण दूसरे सक्रिय सर्वरों पर काम का दबाव बढ़ गया और सेवाओं को अनुरोध पूरा करने में परेशानी होने लगी। कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह समस्या सामान्य ट्रैफिक बढ़ने की वजह से नहीं हुई थी। जांच में सर्वर के सुरक्षित कनेक्शन को संभालने वाली एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया में गड़बड़ी सामने आई। प्रभावित सर्वरों पर दबाव बढ़ने के साथ कुछ सर्वर यूजर्स की रिक्वेस्ट प्रोसेस करने में असमर्थ हो गए। इसके अलावा कुछ सर्वर ऑटोमेटेड हेल्थ चेक में भी विफल रहे, जिससे समस्या और बढ़ गई।
स्थिति को सामान्य करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट ने कई तकनीकी कदम उठाए। कंपनी ने प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर पर नए बदलाव लागू करने की प्रक्रिया रोक दी और कुछ ट्रैफिक को दूसरे सर्वरों की ओर भेजना शुरू किया। इसके साथ ही प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट करने और उनकी कार्यक्षमता जांचने का काम किया गया। हालांकि, कुछ सर्वरों के दोबारा शुरू होने के बाद ट्रैफिक बढ़ने पर फिर से परेशानी सामने आई। इसके बाद कंपनी ने नेटवर्क कॉन्फिगरेशन में पुराने बदलाव वापस लागू करने और सर्वर की जांच प्रक्रिया को बेहतर बनाने जैसे विकल्पों पर काम किया। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर दिखा दिया कि डिजिटल सेवाओं पर बढ़ती निर्भरता के बीच तकनीकी खराबी कितने बड़े स्तर पर कामकाज को प्रभावित कर सकती है। अब यूजर्स को माइक्रोसॉफ्ट की ओर से सेवाओं के पूरी तरह सामान्य होने और तकनीकी समस्या के समाधान से जुड़े आधिकारिक अपडेट का इंतजार है।