• होम
  • राजस्थान
  • राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

खाटूश्यामजी से दर्शन कर लौट रहे थे, खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर कोटा। राजस्थान के कोटा में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसा कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 22, 2026 10:34 am IST, Published 24 minutes ago

खाटूश्यामजी से दर्शन कर लौट रहे थे, खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर

कोटा। राजस्थान के कोटा में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसा कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर चकनाचूर हो गई। हादसे में सात अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें ट्रक चालक भी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, हादसा शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब एक बजे हुआ। क्रूजर में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के धुले जिले के रहने वाले थे। वे राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कोटा के पास उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।

एक ही परिवार के नौ लोगों ने गंवाई जान

हादसे में जान गंवाने वाले सभी नौ लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। मृतकों की पहचान सज्जन पवार (62), उनकी पत्नी उषा बाई (60), बाबूलाल पवार (75), उनकी पत्नी सुशीला (62), बेटे कैलाश (35), बहू अनीता (34), सात वर्षीय पोती जाह्नवी, माधवी (32) और तीन वर्षीय सानवी के रूप में हुई है।

बताया गया कि सज्जन और बाबूलाल आपस में भाई थे। हादसे में परिवार के बुजुर्गों से लेकर छोटे बच्चों तक की जान चली गई। एक ही परिवार के इतने लोगों की मौत से महाराष्ट्र के धुले में शोक की लहर है।

36 लोग तीन गाड़ियों से निकले थे धार्मिक यात्रा पर

जानकारी के मुताबिक, परिवार के कुल 36 सदस्य मंगलवार को महाराष्ट्र के धुले से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सभी लोग तीन अलग-अलग गाड़ियों में सवार थे। इस यात्रा के दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर और उज्जैन में दर्शन किए। इसके बाद राजस्थान में सांवरिया सेठ, अजमेर और पुष्कर होते हुए खाटूश्यामजी पहुंचे थे।

परिवार के सदस्यों ने धार्मिक यात्रा के दौरान कई यादगार पल भी कैमरे में कैद किए थे। उन्होंने मंदिरों में समूह के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और यात्रा के दौरान डांस के वीडियो भी बनाए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर लौटते समय यह यात्रा परिवार के लिए ऐसी दर्दनाक त्रासदी में बदल जाएगी।

गाड़ी में फंसे थे शव और घायल, पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

टक्कर के बाद क्रूजर में सवार लोग गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया। सभी को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां नौ लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

कोटा की एसपी तेजस्वनी गौतम के अनुसार, हादसे में घायल लोगों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से सभी नौ मृतकों के शव महाराष्ट्र के धुले भेजने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख

कोटा सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना को लेकर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर खड़े वाहनों की सुरक्षा और तेज रफ्तार से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक धार्मिक यात्रा पर निकला परिवार खुशियों के साथ घर लौटना चाहता था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने नौ जिंदगियां छीन लीं।

Advertisement