अहमदाबाद। गुजरात में शनिवार रात और रविवार सुबह हुए दो भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कच्छ और जूनागढ़ में हुए इन हादसों में कुल 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। कच्छ में ट्रक और कार की आमने-सामने हुई टक्कर में एक ही परिवार और सेना के जवानों से जुड़े सात लोगों की जान चली गई। वहीं, जूनागढ़ में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पलटने के बाद आग का गोला बन गई, जिसमें तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस हादसे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा बाल-बाल बच गईं।
कच्छ में ट्रक-कार की टक्कर, सात लोगों की मौत
पहला हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे कच्छ जिले में हुआ। यहां एक ट्रक और कार के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में बंट गई। कार में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से जुड़े थे। सभी लोग रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद भुज लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
मृतकों में दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। इनमें महज तीन महीने की बच्ची भी थी। मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और बेटी शिविका के रूप में हुई है। इसके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षित, रिंकी गोसाईं (30) और चार वर्षीय वामिका की भी मौत हो गई।
हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसमें शव फंस जाने के कारण बचाव दल को उन्हें बाहर निकालने में कई घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।
जूनागढ़ में स्विफ्ट कार पलटी, आग लगने से तीन की मौत
दूसरा हादसा रविवार सुबह करीब पांच बजे केशोद-बालागाम रोड पर घामिडाना गांव के पास हुआ। जूनागढ़ से माधवपुर जा रही लाल रंग की स्विफ्ट कार तेज रफ्तार में थी। बताया जा रहा है कि मोड़ पर चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क किनारे लगे पत्थर से टकराकर पलट गई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई।
कार में चार लोग सवार थे, जिनमें दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। आग इतनी तेजी से फैली कि तीन लोग बाहर नहीं निकल सके और उनकी जलकर मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नंदनी पोपट, डेनिस दिवराणिया और झलक मशरू के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 25 से 27 वर्ष बताई गई है।
शीशा टूटने से बाहर गिरीं इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा
इस भीषण हादसे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा की जान बच गई। बताया गया कि वह कार की आगे वाली सीट पर बैठी थीं। टक्कर के दौरान कार का शीशा टूट गया और वह उछलकर सड़क किनारे खेत में जा गिरीं। इस वजह से वह आग की चपेट में आने से बच गईं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी 112 की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। घायल कृष्णा चूड़ासमा को एंबुलेंस की मदद से केशोद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
गुजरात में कुछ ही घंटों के भीतर हुए इन दो हादसों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार से होने वाले खतरों को एक बार फिर सामने ला दिया है। एक हादसे में सात लोगों की जिंदगी खत्म हो गई, जबकि दूसरे में तीन युवाओं की मौत हो गई। इन घटनाओं ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किस तरह बड़े हादसे में बदल सकती है, गुजरात की ये घटनाएं इसकी दर्दनाक मिसाल हैं।