• होम
  • झारखंड
  • झारखंड हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, पिता की संपत्ति से बेटी को नहीं रोक सकेंगे

झारखंड हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, पिता की संपत्ति से बेटी को नहीं रोक सकेंगे

अदालत ने यह भी रेखांकित किया कि समाज में समय के साथ बदलाव आया है। महिलाओं की सामाजिक स्थिति, शिक्षा और अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ी है। ऐसे में किसी प्रमाणित सामाजिक प्रथा या स्पष्ट कानूनी प्रतिबंध के बिना बेटियों को संपत्ति के अधिकार से वंचित...

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 25, 2026 11:00 am IST, Published 19 minutes ago

रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने आदिवासी समाज की महिलाओं के संपत्ति अधिकारों को लेकर एक अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि संथाल समुदाय में यदि किसी परिवार में बेटा नहीं है तो बेटी को पिता की पैतृक संपत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता। केवल इस आधार पर उसका अधिकार समाप्त नहीं किया जा सकता कि उसने घरजमाई की परंपरा के अनुसार विवाह नहीं किया है। यानी बेटी का पति शादी के बाद उसके मायके में रहने नहीं आया, तो इससे पैतृक संपत्ति पर बेटी का दावा खत्म नहीं होगा। अदालत के इस फैसले को आदिवासी महिलाओं के अधिकार और लैंगिक समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने 23 नवंबर 2026 को यह निर्णय सुनाया। पीठ ने लगभग चार दशक से चल रहे जमीन विवाद में प्रथम अपीलीय अदालत के फैसले को सही ठहराते हुए विरोधी पक्ष की याचिका खारिज कर दी। इस फैसले के साथ ही संबंधित महिला का अपने पिता की पूरी पैतृक संपत्ति पर अधिकार बरकरार रहा।

मामला झारखंड के जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र स्थित तुरका गांव की जमीन से जुड़ा है। वर्ष 1985 में एक महिला ने अपने पिता की संपत्ति पर मालिकाना हक और कब्जा पाने के लिए अदालत में मुकदमा दायर किया था। इस मामले में निचली अदालत ने वर्ष 1996 में महिला को संपत्ति का केवल एक तिहाई हिस्सा देने का आदेश दिया था। महिला ने इस फैसले को चुनौती देते हुए प्रथम अपीलीय अदालत का दरवाजा खटखटाया।

चार मार्च 2006 को प्रथम अपीलीय अदालत ने निचली अदालत के फैसले में बदलाव करते हुए महिला को पूरी संपत्ति का अधिकार दे दिया। इस निर्णय से असंतुष्ट विरोधी पक्ष ने झारखंड हाईकोर्ट में अपील दाखिल कर दी। इसके बाद मामला लंबे समय तक न्यायिक विचाराधीन रहा।

हाईकोर्ट में अपीलकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता जय प्रकाश झा ने दलील दी कि संथाल समुदाय की पारंपरिक व्यवस्था में बेटियों को पिता की संपत्ति में उत्तराधिकारी नहीं माना जाता। उनके अनुसार, बेटी को संपत्ति का अधिकार तभी मिल सकता है, जब उसका विवाह घरजमाई की परंपरा के तहत हुआ हो। इस प्रथा में शादी के बाद पति पत्नी के परिवार के साथ रहता है और उसे परिवार में बेटे जैसी भूमिका दी जाती है।

हालांकि, हाईकोर्ट ने इस दलील को पर्याप्त नहीं माना। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमित्र अधिवक्ता सुमित गरोड़िया से भी कानूनी पहलुओं पर सहायता ली गई। अदालत ने कहा कि किसी प्रचलित कानून या समानता के सिद्धांतों से अलग परंपरा का हवाला देने वाले पक्ष को उसके अस्तित्व का ठोस प्रमाण देना होगा।

पीठ के मुताबिक, किसी प्रथा को कानूनी मान्यता दिलाने के लिए यह साबित करना जरूरी है कि वह लंबे समय से चली आ रही हो, स्पष्ट और निश्चित हो तथा संबंधित समुदाय में लगातार और अनिवार्य रूप से उसका पालन किया जाता रहा हो। केवल यह कह देना पर्याप्त नहीं है कि किसी समुदाय में ऐसी परंपरा मौजूद है। अदालत ने पाया कि अपीलकर्ता घरजमाई की ऐसी अनिवार्य परंपरा के पक्ष में पर्याप्त साक्ष्य पेश नहीं कर सके।

अदालत ने यह भी रेखांकित किया कि समाज में समय के साथ बदलाव आया है। महिलाओं की सामाजिक स्थिति, शिक्षा और अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ी है। ऐसे में किसी प्रमाणित सामाजिक प्रथा या स्पष्ट कानूनी प्रतिबंध के बिना बेटियों को संपत्ति के अधिकार से वंचित करना उचित नहीं होगा। पीठ ने इस तरह के भेदभाव को संवैधानिक नैतिकता और जनहित के प्रतिकूल माना।

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने संथाल समुदाय में उत्तराधिकार से संबंधित पुराने न्यायिक फैसलों का भी विश्लेषण किया। इनमें ‘करण मुर्मू बनाम संथाल परगना आयुक्त’ और ‘नारायण सोरेन बनाम रंजन मुर्मू’ के मामलों का उल्लेख किया गया। अदालत ने संबंधित कानूनी सिद्धांतों और सुप्रीम कोर्ट के चर्चित मधु किश्वर फैसले के संदर्भ में अपना रुख स्पष्ट किया।

अंततः खंडपीठ ने विरोधी पक्ष की अपील खारिज करते हुए बेटी के पक्ष में पहले दिए गए फैसले को बरकरार रखा। यह निर्णय केवल एक परिवार के जमीन विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि आदिवासी महिलाओं के उत्तराधिकार अधिकारों को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश देता है। इससे स्पष्ट होता है कि परंपरा के नाम पर महिलाओं के अधिकारों को समाप्त करने का दावा बिना ठोस कानूनी प्रमाण के स्वीकार नहीं किया जा सकता।

 

Advertisement