लखनऊ: प्रदेश में बढ़ती गर्मी और बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने राजधानी लखनऊ के गजरिया सीजी सिटी स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिजली आपूर्ति व्यवस्था, तकनीकी संचालन और उपभोक्ताओं को मिल रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों से क्षेत्र में बढ़े लोड, ट्रिपिंग की स्थिति और संभावित तकनीकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में किसी भी प्रकार की बिजली बाधा को तुरंत दूर किया जाए और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मेंटेनेंस टीम को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही उपकरणों की नियमित जांच और समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए सभी उपकेंद्रों पर पर्याप्त तैयारी रखी जाए, ताकि आम जनता को गर्मी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।