सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में निर्माणाधीन मछली मंडी में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान मुख्य गेट का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जिले के माधवपुर गांव में मछली मंडी का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान निर्माणाधीन गेट अचानक गिर गया और उसके नीचे काम कर रहे सात मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और बचाव दल की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि एक मजदूर करीब ढाई घंटे तक मलबे में फंसा रहा, जिसे काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल अन्य मजदूरों का इलाज जारी है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग की है।