• होम
  • दिल्ली/NCR
  • दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को मिलेगा बढ़ावा

दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को मिलेगा बढ़ावा

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की ओर होल्डिंग एरिया का निर्माण पूरा हो चुका है। स्टेशन पर आगे के निर्माण कार्यों के तहत डबल बेसमेंट और एलिवेटेड रोड की नींव का काम शुरू किया गया है। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन सहित राजधानी के अन्य प्रमुख स्टेशनों को भी अमृत भारत...

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 18, 2026 5:40 pm IST, Published 7 hours ago

नई दिल्ली: दिल्ली में रेलवे सुविधाओं के विस्तार, बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए दिल्ली में रेलवे विकास के लिए 2,711 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट निर्धारित किया गया है। साथ ही दिल्ली-एनसीआर के नागरिकों की सुविधा के लिए हाल ही में नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ भी किया गया गया है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली में रेलवे सुविधाओं के विस्तार और विकास के लिए रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी और उनके मंत्रालय की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में रेलवे सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए रेल मंत्रालय द्वारा रिकॉर्ड बजट निर्धारित करने पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार मिलकर राजधानी के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने तथा जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। केंद्र सरकार का यह सहयोग दिल्ली के रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और राजधानी के लाखों यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, नई रेल सेवाओं, यात्री सुविधाओं के विस्तार और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने से दिल्ली की रेल कनेक्टिविटी और अधिक बेहतर होगी।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से रेल कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के रेल नेटवर्क को मजबूत बनाने के क्रम में पिछले दिनों नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ करने से दिल्ली और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। यह ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस ट्रेन में स्वचालित दरवाजे, कवच सुरक्षा प्रणाली और आरामदायक बर्थ जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे पर्यटन, व्यापार, धार्मिक यात्राओं और क्षेत्रीय आवागमन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

रेल परियोजनाओं पर 8,976 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि रेल मंत्रालय के अनुसार दिल्ली में रेलवे परियोजनाओं पर करीब 8,976 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। इनमें रेलवे ट्रैक के विस्तार, स्टेशनों के पुनर्विकास, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने जैसे कार्य शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किया जा रहा है। इनमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली कैंट, दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली शाहदरा, नरेला, सफदरजंग, बिजवासन, सब्जी मंडी, तिलक ब्रिज और आदर्श नगर दिल्ली शामिल हैं।

इन स्टेशनों पर प्रवेश व निकास व्यवस्था को बेहतर बनाने, स्टेशन भवनों के आधुनिकीकरण, प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, पेयजल सुविधाएं, प्लेटफॉर्म शेड, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही पार्किंग, दिव्यांगजन के लिए सुगम पहुंच, बेहतर यात्री सूचना प्रणाली और शहर के दोनों ओर स्टेशन की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

सुविधाओं से भरपूर हो रहे दिल्ली के रेलवे स्टेशन

मुख्यमंत्री ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की ओर होल्डिंग एरिया का निर्माण पूरा हो चुका है। स्टेशन पर आगे के निर्माण कार्यों के तहत डबल बेसमेंट और एलिवेटेड रोड की नींव का काम शुरू किया गया है। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन सहित राजधानी के अन्य प्रमुख स्टेशनों को भी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की योजना है। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सराय काले खां की ओर दूसरे प्रवेश द्वार का पुनर्विकास किया जा रहा है। इसके तहत नई सीढ़ियां, एस्केलेटर, लिफ्ट, टिकट बुकिंग कार्यालय, शौचालय और फुट ओवरब्रिज के विस्तार जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

दिल्ली कैंट स्टेशन पर नए स्टेशन भवन, आगमन एवं प्रस्थान कॉनकोर्स, एलिवेटेड रोड, प्लेटफॉर्म के सुधार और अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इसके अलावा सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर स्टेशन भवन के निर्माण और सिग्नल एवं दूरसंचार भवन के कार्य पूरे किए जा चुके हैं। बिजवासन स्टेशन पर स्टेशन भवन का संरचनात्मक कार्य पूरा हो चुका है, जबकि प्लेटफॉर्म शेड, सबवे और अन्य सुविधाओं का विकास जारी है। नरेला, सब्जी मंडी और तिलक ब्रिज स्टेशनों पर नए स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, आधुनिक शौचालय, पार्किंग, लिफ्ट और दिव्यांगजन सुविधाओं के कार्य भी प्रगति पर हैं |

 

 

Advertisement