बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पटना से विशेष ट्रेनिंग पूरी कर मधेपुरा लौट रहे तीन थाना प्रभारियों (SHO) और उनके ड्राइवर की इस भीषण दुर्घटना में मौत हो गई है। हादसा रात करीब 12:30 बजे साहेबपुर कमाल इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटे से भी अधिक थी, जिसके चलते अचानक संतुलन बिगड़ा और कार सड़क किनारे खड़े एक बंद ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के अलग-अलग थानों में तैनात तीन जांबाज पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सत्र में शामिल होने गए थे। रात को ट्रेनिंग खत्म होने के बाद सभी एक ही निजी कार से वापस मधेपुरा लौट रहे थे।
नीरज कुमार – थाना प्रभारी, बेलारी (मधेपुरा)
ज्ञानेंद्र अमरेंद्र – थाना प्रभारी, आरर (मधेपुरा)
साजन पासवान – थाना प्रभारी, रतवारा (मधेपुरा)
ज्योतिष कुमार – निजी कार ड्राइवर
स्थानीय राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी को गाड़ी काटकर बाहर निकाला गया। नीरज कुमार, ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और ड्राइवर ज्योतिष की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान ने बेगूसराय सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।