नयी दिल्ली: कांग्रेस ने देशभर में एक नए आंदोलन की शुरुआत करने का ऐलान किया है, जिसके तहत 17 जून से छात्र सम्मेलनों की श्रृंखला शुरू होगी। यह अभियान 14 जुलाई को दिल्ली में एक बड़े कार्यक्रम के साथ समाप्त होगा।
कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में छात्रों और युवाओं को जोड़ने और उन्हें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने पर जोर रहेगा। पार्टी का उद्देश्य युवाओं के बीच संगठनात्मक मजबूती और राजनीतिक जागरूकता बढ़ाना बताया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार छात्र सम्मेलन 17 जून को कोटा से शुरू होगा। इसके बाद 10 जुलाई को प्रयागराज (इलाहाबाद), 11 जुलाई को पटना और अंतिम चरण 14 जुलाई को दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
राहुल गांधी ने पहले ही स्पष्ट किया है कि इस आंदोलन में शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेगी। पार्टी इसे युवाओं और छात्रों से जुड़कर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने और संगठन को मजबूत करने की रणनीति के रूप में देख रही है।