लखनऊ/बहराइच: असदुद्दीन ओवैसी करीब डेढ़ साल बाद रविवार को लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनके समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया और “देखो-देखो कौन आया, शेर आया… शेर आया” जैसे नारे लगाए। इसके बाद ओवैसी बहराइच के लिए रवाना हुए, जहां वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए ओवैसी का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि वह उत्तर प्रदेश में पार्टी के विस्तार को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं।
इससे पहले शुक्रवार को बहराइच पहुंचे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने संकेत दिया था कि पार्टी राज्य की लगभग 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा था कि सीटों की संख्या और चुनावी रणनीति पर अंतिम निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष ओवैसी की ओर से लिया जाएगा।
एआईएमआईएम की कोशिश उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक मौजूदगी को मजबूत करने की है। ऐसे में बहराइच की रैली को आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से अहम माना जा रहा है।