झज्जर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस नेता चौधरी वीरेंद्र सिंह डूमरखा का कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। शहर पहुंचने पर उन्होंने चौधरी छोटूराम धर्मशाला में पहुंचकर किसान मसीहा चौधरी छोटूराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी सद्भावना यात्रा की तैयारियों पर चर्चा की।
चौधरी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व सांसद बिजेंद्र सिंह की ओर से निकाली जा रही सद्भावना यात्रा आपसी भाईचारे,सामाजिक सौहार्द और कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। यात्रा को सफल बनाने के लिए उन्होंने समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं।
उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे सद्भावना यात्रा झज्जर विधानसभा क्षेत्र के गांव ग्वालिसन में प्रवेश करेगी,जहां ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे यात्रा तलाव गांव पहुंचेगी। तलाव गांव से आगे बढ़ते हुए यात्रा झज्जर शहर में प्रवेश करेगी। शहर में यात्रा का पहला पड़ाव भगत सिंह चौक होगा। इसके बाद यात्रा छिकारा चौक,अंबेडकर चौक,मुख्य बाजार,कुलदीप चौक, राव तुलाराम चौक होते हुए लघु सचिवालय स्थित कोर्ट बार रूम पहुंचेगी। यहां अधिवक्ताओं और गणमान्य लोगों से मुलाकात का कार्यक्रम रहेगा।
इसके बाद यात्रा शहर के आर्य नगर स्थित जंगशेर निवास पर जलपान के लिए रुकेगी चौधरी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि सद्भावना यात्रा का उद्देश्य समाज में भाईचारे का संदेश देना और प्रदेश में बदलाव की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर यात्रा को सफल बनाएं।
ललित कुमार:
गौरवशाली भारत, संवाददाता
झज्जर :